• Wed, 24 Apr, 2024
दिल्ली में क्या अब धीरे-धीरे बढ़ेगी गर्मी? पढ़िए मौसम विभाग की ताजा भविष्यवाणी

ताज़ा खबरें

Updated Sun, 20 Feb 2022 23:45 IST

दिल्ली में क्या अब धीरे-धीरे बढ़ेगी गर्मी? पढ़िए मौसम विभाग की ताजा भविष्यवाणी

दिल्ली-एनसीआर में रविवार को मौसम साफ रहा। दिन में तेज हवाएं चलीं। मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को भी मौसम साफ रहेगा और दिन में धूप निकलेगी। हालांकि सुबह हल्का कोहरा रहने की संभावना है। अभी सुबह और शाम को ठंड ऐसे ही बरकरार रहेगी। मौसम विभाग की वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार, मंगलवार से मौसम बदलेगा। 22 फरवरी को पश्चिम विक्षोभ सक्रिय होगा। इस वजह से दो-तीन दिन आकाश में बादल छाए रह सकते हैं। इस दौरान 20 से 30 किमी प्रति घंटे की गति से हवा चलने की उम्मीद है। 24 से 26 फरवरी तक मौसम साफ रहेगा। दिन में धूप निकलेगी। हालांकि इस दौरान सुबह के समय हल्का कोहरा पड़ सकता है।

दिल्ली में सप्ताह के अंत में अधिकतम तापमान बढ़कर 29 डिग्री सेल्सियस पहुंच सकता है। यानी अब धीरे-धीरे गर्मी का बढ़ेगी और ठंड कम होती जाएगी। 21 से 26 फरवरी तक दिल्ली का न्यूनतम तापमान 10 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है। 22 और 24 फरवरी (मंगलवार व गुरुवार) को न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रहेगा। वहीं 21 से 26 फरवरी तक अधिकतम तापमान 26 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की भविष्यवाणी की गई है। 24 से 26 फरवरी के बीच अधिकतम तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी संभव है।

मौसम विभाग ने बताया कि रविवार को दिन में धूप होने से सर्दी से राहत मिली। दिल्ली का न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।सुबह साढ़े आठ बजे सापेक्षिक आद्रता 83 फीसदी रही। अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा।

दिल्ली में वायु प्रदूषण का स्तर मध्यम श्रेणी में दर्ज किया गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, एक्यूआई सुबह नौ बजे के करीब 175 दर्ज किया गया। फरीदाबाद (171), गाजियाबाद (185), गुरुग्राम (214), नोएडा (143) और ग्रेटर नोएडा (128) का एक्यूआई खराब और मध्यम श्रेणी के बीच दर्ज किया गया।

 

Latest news