• Sat, 04 May, 2024
रांची समेत झारखंड में शीतलहर का प्रकोप जारी, पारा गिरने से जनजीवन प्रभावित

ताज़ा खबरें

Updated Mon, 3 Jan 2022 12:04 IST

रांची समेत झारखंड में शीतलहर का प्रकोप जारी, पारा गिरने से जनजीवन प्रभावित

रांची. झारखंड में ठंड ने एक बार फिर से अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है. राजधानी रांची समेत राज्य भर में पारा गिरने से जनजीवन पर असर नजर आने लगा है. शनिवार से ही राजधानी रांची के कांके में बर्फीली हवाएं चलने से पारा अचानक एक बार फिर गिर गया. रविवार की सुबह कांके का पारा 3.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था जो सोमवार को भी इसी के आसपास रहा.

दरअसल दो हफ्ते पहले काके का पारा 1 डिग्री तक नीचे चला गया था लेकिन उसके चार दिन बाद रांची समेत कई जिलों में आसमान में बादल छाने और कुहासे की वजह से शीतलहरी से थोड़ी राहत मिली थी. उस दौरान 4 दिनों तक लोगों को धूप नसीब नहीं हुआ था लेकिन अचानक एक दिसंबर को आसमान धीरे-धीरे साफ होने लगा और बादल भी छंटने लगे, जिसके बाद से ठंडी हवाएं चलनी शुरू हो गई और शीतलहरी चलने से लोगों को कनकनी का एहसास होने लगा.

शनिवार को कांके का पारा जहां 3.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था वही रांची का पारा 8 से 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था लेकिन आसमान में बादल छट जाने और खिली धूप के बीच सुबह से ही शीतलहर चल रही है. बिरसा कृषि वैधशाला कांके में हर दिन सुबह तापमान नोट करने वाले अभय कुमार ने बताया कि कांके में अभी ठंड और बढ़ेगी क्योंकि बादल अब धीरे-धीरे छंट रहे हैं. उन्होंने कहा कि कांके में पाला भी लगातार गिर रहा है, ऐसे में सब्जी की खेती को खासा नुकसान पहुंच रहा है जिसमें खासकर गोभी, पत्ता गोभी और बैगन समेत दूसरी सब्जियां हैं.

मौसम विज्ञान केंद्र रांची के मुताबिक राजधानी रांची समेत पूरे झारखंड को अभी ठंड से निजात मिलने वाली नहीं है. आने वाले कुछ दिनों में कनकनी और शीतलहरी का प्रकोप जारी रहेगा, साथ ही उत्तर से बर्फीली हवाओं का झारखंड में प्रवेश की लगातार हो रहा है.

 

Latest news