• Fri, 03 May, 2024
क्या दिल्ली में विदा होने लगी है सर्दी? जानिए रविवार तक के मौसम विभाग का ताजा पूर्वानुमान

ताज़ा खबरें

Updated Tue, 15 Feb 2022 22:47 IST

क्या दिल्ली में विदा होने लगी है सर्दी? जानिए रविवार तक के मौसम विभाग का ताजा पूर्वानुमान

दिल्ली-एनसीआर में दिन में धूप निकलने से ठंड से राहत है लेकिन इस सप्ताह के अंत में मौसम का मिजाज एक बार से बदलने वाला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग  की वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार, शनिवार और रविवार (19 फरवरी और 20 फरवरी) को दिन के समय तेज हवाएं चलेंगी। बुधवार से शुक्रवार तक (16 से 18 फरवरी) सुबह के वक्त घना कोहरा पड़ सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, अब धीरे-धीरे तापमान और गर्मी दोनों में ही इजाफा होगा।

मौसम विभाग ने बताया कि 16 से 18 फरवरी तक दिल्ली का न्यूनतम तापमान 8 से 9 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। जबकि अधिकतम तापमान 27 से 28 डिग्री सेल्सियस तक रहेगा। वहीं, 19 और 20 फरवरी को न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रहने की संभावना है। जबकि अधिकतम तापमान 27 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच ही रहेगा। यानी शनिवार और रविवार को तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है।

मंगलवार को दिन में रही धूप

दिल्ली-एनसीआर में मंगलवार को दिन में धूप रही। ठंड केवल सुबह और शाम को पड़ रही है। मौसम विभाग (आईएमडी) ने बताया कि राष्ट्रीय राजधानी में मंगलवार को पारा थोड़ा चढ़ा और न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह साढ़े आठ बजे आर्द्रता 92 प्रतिशत दर्ज की गई।

अभी भी खराब श्रेणी में हवा की गुणवत्ता

दिल्ली में हवा की गुणवत्ता मंगलवार को 'खराब' श्रेणी में दर्ज की गई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों से पता चलता है कि वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) सुबह 9.45 बजे 214 था। वहीं दिल्ली से सटे एनसीआर के शहरों का भी लगभग यही हाल है। बता दें कि एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) शून्य से 50 के बीच 'अच्छा', 51 से 100 को 'संतोषजनक', 101 से 200 को 'मध्यम', 201 से 300 को 'खराब', 301 से 400 के बीच 'बहुत खराब' और 401 से 500 के बीच को 'गंभीर' श्रेणी में माना जाता है।

 

Latest news