• Sat, 04 May, 2024
दिल्ली-एनसीआर फिर बदलेगा मौसम, जानिये- क्या तेज हवा के बीच बढ़ेगी ठंड?

ताज़ा खबरें

Updated Thu, 17 Feb 2022 22:27 IST

दिल्ली-एनसीआर फिर बदलेगा मौसम, जानिये- क्या तेज हवा के बीच बढ़ेगी ठंड?

पश्चिमी विक्षोभ के निष्क्रिय होने और पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी थमने के बाद  दिल्ली-एनसीआर में मौसम सुहाना हो गया है। सुबह और शाम को हो रही ठंड को छोड़ दें तो दिल्ली-एनसीआर में सर्दी नदारद है। तेज धूप के चलते दोपहर में ठीक-ठाक गर्मी होने लगी है। इस बीच हवा के रुख में बदलाव और  एक बार फिर से पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से देश के कई हिस्‍सों में बारिश होने की संभावना जताई गई है।भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, केंद्र शासित राज्यो में शुमार जम्‍मू-कश्‍मीर और लद्दाख के साथ उच्च पहाड़ी वाले इलाकों में अगले कुछ दिनों में बारिश के साथ बर्फबारी होने के आसार हैं। इस बीच मौमस विज्ञानियों का कहना है कि बृहस्पतिवार से लेकर शनिवार तक तक मौसम में परिवर्तन होने की संभावना है। मौसम में एक बार फिर से कुछ ठंड बढ़ने की उम्मीद है, लेकिन इतनी भी नहीं बढ़ेगी कि लोगों को परेशान होना पड़े, लेकिन गेहूं समेत अन्य फसलों को लाभ मिलेगा।

मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम में बदलाव होने के आसार बन रहे हैं। इसके अलावा पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में भी हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। ऐसे में सवाल उठने लगा  है कि क्या दिल्ली-एनसीआर में एक बार फिर ठंड लौटेगी या फिर राहत का दौर इसी तरह जारी रहेगा। इस पर मौसम विज्ञानियों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ की वजह से दिल्ली-एनसीआर के आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन बारिश और ठंड बढ़ने की बेहद कम संभावना है।

अगले कुछ दिनों में चलेगी तेज हवाएं, फिर भी नहीं बढ़ेगी ठंडी

इस बीच मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि शुक्रवार को भी सुबह के दौरान हल्की धुंध छाए रहने के साथ दिनभर मौसम साफ रहेगा। इस दौरान अधिकतम तापमान 26 व न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस तक रहेगा। आगामी दो दिन बाद यानी शनिवार और रविवार को 20 से 30 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही आगामी 22 फरवरी तक अधिकतम तापमान 28 व न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रहेगा।।

बढ़ते तापमान में किसानों को चिंता में डाला

दिल्ली-एनसीआर में लगातार गर्मी में इजाफा हो रहा है और मौसम भी लगातार गर्म होता जा रहा है। किसानों का कहना है कि यदि तापमान इसी तरह से बढ़ता रहा, तो गेहूं की फसल को नुकसान हो सकता है। इस बीच किसानों के लिए राहत भरी खबर यह है कि आगामी 19 फरवरी तक मौसम में परिवर्तन होने की संभावना है। मौसम में एक बार फिर से कुछ ठंड बढ़ने की उम्मीद है। चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, फरीदाबाद के मौसम विभाग ने किसानों के मोबाइल फोन पर मैसेज भेजा है कि 17 फरवरी की रात से पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हवा में बदलाव होगा। पश्चिम से पूर्वी हवा चलने और बादल छाने की संभावना है, जिससे मौसम में ठंड बढ़ेगी।

 

Latest news