राज्य
Updated Fri, 21 May 2021 17:08 IST
भाजपा के मांट क्षेत्र के दो दिग्गज नेताओं की मुलाकात सोशल मीडिया पर हुई वायरल
मथुरा। मांट क्षेत्र के भाजपा के दो दिग्गज नेताओं की मुलाकात सोशल मीडिया पर वायरल हो गई है। एक ही पार्टी में होने के बाद भी अभी तक दोनों में राजनैतिक प्रतिद्वंदिता थी लेकिन ब्लाॅक प्रमुख चुनाव के चलते निवर्तमान ब्लाॅक प्रमुख को दूसरे दिग्गज नेता से नजदीकी बढ़ानी पड़ रही है। वहीं एक अन्य ब्लाॅक प्रमुख पद के दावेदार ने भी इस दिग्गज नेता के साथ अपनी मुलाकात का फोटो भी वायरल कर दिया। अब नौहझील ब्लाॅक प्रमुख के दोनों प्रमुख दावेदारों की मुलाकात की फोटो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही समर्थकों में भी घमासान मचा हुआ है।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव और मतगणना संपन्न होने के बाद अब जिला पंचायत अध्यक्ष और ब्लाॅक प्रमुख चुनाव होने हैं। इसकी तैयारियों में जुटे दिग्गज नेताओं ने अपनी जीत के लिए आंकड़े लगाने शुरू कर दिए हैं। जिला पंचायत सदस्य और क्षेत्र पंचायत सदस्यों को अपने पाले में करने के लिए विभिन्न तरह के प्रयास किए जा रहे हैं। इन्हीं प्रयासों के तहत कई तरह की तस्वीरें सामने आ रही हैं। नौहझील ब्लाॅक प्रमुख पद के लिए इस बार दो उम्मीदवार मैदान में हैं। जिनमें से एक निवर्तमान ब्लाॅक प्रमुख सुमन राजेश चौधरी एवं दूसरे प्रत्याशी योगेश शर्मा उर्फ भूरा पंडित आमने सामने हैं। इनमें से योगेश शर्मा उर्फ भूरा पंडित को पहले से ही बसपा से मांट विधायक पं. श्यामसुंदर शर्मा का पूरा समर्थन प्राप्त है। वहीं रालोद के वरिष्ठ नेता योगेश नौहवार भी उन्हें समर्थन दे रहे हैं। साथ ही सूत्रों की मानें तो योगेश शर्मा उर्फ भूरा पंडित को स्थानीय दिग्गज भाजपा नेता एसके शर्मा का भी आर्शीवाद प्राप्त हो चुका है। भाजपा नेता एसके शर्मा के साथ योगेश शर्मा उर्फ भूरा पंडित की मुलाकात के फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो चुके हैं।
वहीं निवर्तमान ब्लाॅक प्रमुख सुमन के पति एवं वरिष्ठ भाजपा युवा नेता राजेश चौधरी भी फिर से अपनी पत्नी को ही ब्लाॅक प्रमुख बनाने के लिए बेताब हैं। उन्होंने भी अपने पत्ते फेंकने शुरू कर दिए हैं। इसके लिए उन्होंने बीते काफी समय से चल रही राजनैतिक प्रतिद्वंदिता को भी भुलाने का निर्णय करते हुए मांट क्षेत्र के दिग्गज भाजपा नेता एसके शर्मा से मुलाकात कर समर्थन मांगा। बता दें कि भाजपा नेता एसके शर्मा ने वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव के दौरान युवा मोर्चा के राष्ट्रीय संयोजक रहे राजेश चौधरी की शिकायत भाजपा के तत्कालीन राष्ट्रीय अध्यक्ष से की थी। एसके शर्मा का कहना था कि राजेश चौधरी ने मांट क्षेत्र से ही विपक्षी पार्टी बसपा से चुनाव लड़ने वाले पं. श्यामसुंदर शर्मा का खुलेआम समर्थन किया था। उनके द्वारा ही मांट में भाजपा के पूर्व अध्यक्ष राजनाथ सिंह की सभा भी रद्द करा दी गई थी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि वर्ष 2012 में हुए विधानसभा चुनाव में राजेश चौधरी अपने पैतृक गांव सद्दीकपुर गांव में भाजपा से चुनाव लड़ने वाले पूर्व विधायक प्रणतपाल सिंह को मात्र 4 वोट ही दिला सके थे। जबकि रालोद के जयंत चौधरी को 460 और बसपा के श्यामसुंदर शर्मा को 213 वोट मिले थे। वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में प्रत्याशी हेमामालिनी को 262 वोट और रालोद के जयंत चौधरी को 421 वोट मिले थे। पत्र में खुलासा किया गया था कि वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में एसके शर्मा चुनाव लडे़ तो राजेश चौधरी के गांव में भाजपा प्रत्याशी एसके शर्मा को मात्र 65 वोट ही मिले। जबकि रालोद को 486 और बसपा के श्यामसुंदर शर्मा को 124 वोट मिले थे। जबकि राजेश चौधरी के भाई उस समय ग्राम प्रधान भी थे और इनके परिवार में ही 200 वोट बताए जाते हैं। यदि ऐसे भितरघातियों के खिलाफ पार्टी ने कार्यवाही की होती तो मांट की सीट भी भाजपा के खाते में होती।
भाजपा नेता एसके शर्मा के पत्र का उल्लेख करते हुए 25 मार्च 2017 को भाजपा सांसद हेमामालिनी ने तत्कालीन राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह को पत्र लिखते हुए कहा था कि भाजपा नेता राजेश चौधरी ने एसके शर्मा के खिलाफ विपक्षी नेता को समर्थन दिया था। इससे एसके शर्मा मांट विधानसभा चुनाव हार गए थे। पूर्व सांसद एवं तत्कालीन जिलाध्यक्ष तेजवीर सिंह ने 30 अपै्रल 2017 को अपने पत्र में यह स्वीकार किया था कि जांच के बाद राजेश चौधरी पर लगाए गए सभी आरोप सही हैं। इन्होंने वास्तव में भाजपा के मांट क्षेत्र के प्रत्याशी एसके शर्मा को हराने के लिए पुरजोर प्रयास किए थे।
इस तरह की शिकायतों के बाद ही भाजपा नेता एसके शर्मा और राजेश चौधरी के बीच तल्खी और अधिक बढ़ गई थी और यही कारण है। कि एसके शर्मा द्वारा निर्दलीय प्रत्याशी योगेश शर्मा उर्फ भूरा पंडित को समर्थन दिया जा रहा है। इसकी जानकारी मिलने पर राजेश चौधरी ने भी गुरूवार को दिग्गज नेता एसके शर्मा से मुलाकात की। बताया जाता है कि उन्होंने मुलाकात के दौरान पुराने गिले शिकवे दूर करने का प्रयास किया। इस मुलाकात की सोशल मीडिया पर फोटो भी वायरल हो गई। जैसे ही फोटो वायरल हुई। समर्थकों में जोश आ गया और विपक्षी प्रत्याशी के लिए तरह तरह के कमेंट्स कर रहे हैं।
इससे पूर्व निर्दलीय प्रत्याशी योगेश शर्मा उर्फ भूरा पंडित भी दिग्गज नेता एसके शर्मा का आर्शीवाद ले चुके हैं। उन्होंने भी इस मुलाकात के फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए। इसके बाद तो दोनों ही प्रत्याशियों के बीच घमासान मच गया है। दोनों के ही समर्थक सोशल मीडिया पर तरह तरह के कमेंट्स पोस्ट कर रहे हैं। इनमें से कई कमेंट्स तो असभ्यता की श्रेणी में हैं। इनमें से कई कमेंट्स में जातिगत टिप्पणियां भी कर रहे हैं। इससे समर्थकों में तनाव का माहौल नजर आ रहा है।
रिपोर्ट- प्रताप सिंह