Sun,
10 May, 2026
राज्य
Updated Fri, 14 May 2021 13:26 IST
नई दिल्ली। कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों के मद्देेनजर देश की राजधानी दिल्ली से राहत की खबर आ रही है। दिल्ली में पिछले 24 घंटे के दौरान 8500 नए कोरोना के मरीज सामने आए हैं, वहीं संक्रमण दर 12 के आसपास पहुंच गई है। यह जानकारी खुद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दी। उन्होंने कहा कि सख्त लॉकडाउन के चलते कोरोना के मामले कम हुए हैं, लेकिन हमें इसे शून्य पर ले जाना है। उन्होंने यह भी जानकारी दी है कि अगले 1-2 दिनों के दौरान दिल्ली को 1200 बे़ड और मुहैया हो जाएंगे।
इससे पहले बृहस्पतिवार को उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने केंद्र सरकार को पत्र लिखकर राजधानी दिल्ली में कोरोना संक्रमण दर घटने और अस्पतालों में मरीज कम होने पर दिल्ली के आक्सीजन कोटे को कम करने की मांग की है। सिसोदिया ने डिजिटल पत्रकार वार्ता कर बताया कि दिल्ली में अप्रैल के चौथे और मई के पहले सप्ताह में कोरोना संक्रमण की दर तेजी से बढ़ी थी। प्रतिदिन 80 हजार से एक लाख तक टेस्ट किए जाते थे और रोज 27-28 हजार नए कोरोना मामले सामने आते थे संक्रमण की दर 32 फीसद तक पहुंच गई थी। लेकिन अब दिल्ली में मरीजों की संख्या घट रही है संक्रमण दर अब 14 फीसद है और पिछले 24 घंटो में केवल 10400 मामले सामने आए है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि जब दिल्ली में कोरोना का संक्रमण बढ़ा तो ऑक्सीजन की मांग भी बढ़ी तब दिल्ली को प्रतिदिन 700 मीट्रिक टन ऑक्सीजन की जरूरत थी, लेकिन संक्रमण दर के कम होने और अस्पतालों में मरीजों की संख्या कम होने के बाद दिल्ली में अब ऑक्सीजन की मांग भी घट गई है।सिसोदिया ने बताया कि तत्काल में केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित प्रति बेड ऑक्सीजन की कुल मांग के अनुसार अब दिल्ली को रोज 582 मीट्रिक टन ऑक्सीजन की जरूरत है।
उन्होंने केंद्र सरकार और सुप्रीम कोर्ट का धन्यवाद देते हुए कहा कि मुश्किल के समय में सुप्रीम कोर्ट के सहयोग से केंद्र सरकार द्वारा मांग के अनुसार 700 टन नहीं लेकिन पर्याप्त मात्रा में आक्सीजन की आपूर्ति की गई जिससे हजारों लोगों की जान बची।सिसोदिया ने ये जानकारी भी दी का अब अस्पतालों से आपात स्थिति में एसओएस काल आना भी बंद हो चुकी है।
24 घंटों में बमुश्किल एक दो काल आती हैं जहां तुरंत आक्सीजन पहुंचा दी जाती है। इसलिए दिल्ली सरकार ने एक जिम्मेदार सरकार का कर्तव्य निभाते हुए केंद्र सरकार को चिट्ठी लिख कर दिल्ली का आक्सीजन आपूर्ति का कोटा घटाकर प्रतिदिन केवल 582 मीट्रिक टन ऑक्सीजन देने की मांग की है ताकि शेष आक्सीजन जरूरतमंद राज्यों को दी जा सके।







