Tue,
17 Mar, 2026
ताज़ा खबरें
Updated Tue, 22 Mar 2022 23:21 IST
शादी समारोह में लड़के वालों को पैसे की डिमांड करने की खबर तो आपने पढ़ी ही होगी। लेकिन राजस्थान के जयपुर में इसके उलट मामला सामने आया है।
यहां लड़के वाले नहीं लड़की के घरवालों ने पैसे की डिमांड कर दी। डिमांड पूरी नहीं करने पर युवती ने शादी से इनकार कर दिया। बेटे की शादी कैंसिल होने पर पिता इंद्रराज को हार्टअटैक आ गया। घटना के एक माह बाद जब इंद्रराज ठीक हुए तो उन्होंने सांगानेर सदर थाने में युवती और उसके पिता के खिलाफ धोखाधड़ी सहित कई धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया।
एएसआई आषुतोश सिंह ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पीड़ित इंद्रराज ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट में इंद्रराज ने बताया कि उसके बेटे की शादी किरण नाम की लड़की से तय हुई थी। शादी की तारीख 20 फरवरी तय की गई थी। इसके पहले ही 19 फरवरी को किरण के पिता का फोन आया और उन्होंने 2 लाख रुपए की मांग की। इंद्रराज ने बताया कि हमने जब पैसे देने में असमर्थता जताई तो उन्होंने शादी से इंकार कर दिया। साथ ही इंद्रराज ने बताया कि किरण और उसका पिता शंकर पहले ही जेवरात और कपड़ों के नाम पर 4 लाख रुपए ले चुका है। इंद्रजीत ने आरोप लगाया है कि शादी के कार्ड छपने गए थे, गहने भी तैयार हो गए थे। साथ ही कपड़े, टैंट, हलवाई, बैंड-बाजों की भी बुकिंग हो गई थी। शादी के ठीक पहले ही किरण और उसके पिता की नीयत खराब हो गई।
पीड़ित इंद्रराज ने पुलिस को बताया कि शादी की पूरी तैयारियों के बाद शंकर का फोन आया था। शंकर ने कहा था कि शादी में कुछ रुपए कम पड़ रहे हैं। इसके लिए केसीसी लोन ले रहा हूं। इसके लिए तुम्हें गारंटर बनना होगा। शादी की तैयारियों को देखते हुए इंद्रराज ने कुछ खाली स्टांप पर साइन कर दिए। इसके बाद शंकर ने 2 लाख रुपयों की मांग रख दी। जब इंद्रराज ने पैसे देने से इंकार किया तो शंकर और किरण ने शादी करने से इंकार कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।







