Sun,
10 May, 2026
ताज़ा खबरें
Updated Mon, 2 Aug 2021 14:50 IST
नई दिल्ली. सुप्रीम कोर्ट (Supreme Court) दिल्ली पुलिस कमिश्नर राकेश अस्थाना (Rakesh Asthana) की नियुक्ति को चुनौती देने वाली अर्ज़ी पर इसी हफ्ते सुनवाई करेगा. शीर्ष कोर्ट में मामले में 5 अगस्त को सुनवाई हो सकती है. चीफ जस्टिस एनवी रमना (CJI NV Ramanna) और जस्टिस सूर्यकांत (Justice Suryakant) की बेंच सुनवाई मामले पर सुनवाई करेगी. मामले में वकील एमएल शर्मा (ML Sharma) ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल की है. शर्मा ने मामले में पीएम मोदी और गृहमंत्री अमित शाह और गृह मंत्रालय के अफसरों के खिलाफ अवमानना कार्यवाही की मांग की है. उन्होंने अपनी याचिका में कहा है कि सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइंस के खिलाफ जाकर अस्थाना की नियुक्ति की गई है, इसलिए नियुक्ति करने वालों पर कार्रवाई होनी चाहिए.
राकेश अस्थाना को 27 जुलाई को दिल्ली पुलिस आयुक्त नियुक्त किया गया था. भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के गुजरात कैडर के वरिष्ठ अधिकारी राकेश अस्थाना ने नियुक्ति आदेश जारी होने के एक दिन बाद बुधवार को दिल्ली पुलिस आयुक्त का पदभार संभाल लिया. मध्य दिल्ली के जय सिंह मार्ग स्थित पुलिस मुख्यालय पहुंचने पर अस्थाना को पुलिस बल ने रस्मी गार्ड ऑफ ऑनर दिया. अस्थाना की नियुक्ति 31 जुलाई को उनके सेवानिवृत्त होने से कुछ दिन पहले हुई है. उनका कार्यकाल एक साल का होगा.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति (एसीसी) ने एजजीएमयूटी कैडर से बाहर गुजरात कैडर के अस्थाना की दिल्ली पुलिस आयुक्त के तौर पर नियुक्ति को मंजूरी दी. एसीसी ने शुरू में उनकी सेवा को 31 जुलाई को उनकी सेवानिवृत्ति की तारीख से एक वर्ष की अवधि के लिए या अगले आदेश तक जो भी पहले हो, तक बढ़ा दिया.
ऐसे बहुत कम उदाहरण हैं, जब एजीएमयूटी कैडर के बाहर से एक आईपीएस अधिकारी को दिल्ली पुलिस प्रमुख के रूप में नियुक्त किया गया हो. अस्थाना इससे पहले केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) के विशेष निदेशक के तौर पर सेवा दे चुके हैं. 2018 में सीबीआई में अपने कार्यकाल के दौरान उनका सीबीआई के तत्कालीन निदेशक आलोक वर्मा से विवाद हुआ था और दोनों ने एक दूसरे पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे. केंद्र सरकार ने इसके बाद दोनों अधिकारियों को केंद्रीय जांच एजेंसी से हटा दिया था और इसके बाद अस्थाना को आरोपमुक्त कर दिया गया था.
अस्थाना को अगस्त 2020 में बीएसएफ का प्रमुख नियुक्त किया गया. उन्होंने स्वापक नियंत्रण ब्यूरो के प्रमुख का अतिरिक्त प्रभार भी संभाला. अस्थाना नागरिक उड्डयन सुरक्षा ब्यूरो (बीसीएएस) के महानिदेशक भी रह चुके हैं. पुलिस अधिकारी ने सीबीआई के विभिन्न रैंकों में सेवा देने के अलावा गुजरात पुलिस में विभिन्न पदों पर कार्य किया है.







