Mon,
11 May, 2026
राज्य
Updated Mon, 10 May 2021 19:17 IST
इंदौर: मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में करीब 7,000 की आबादी वाले ढाबली गांव में कोरोना वायरस की रोकथाम के लिए ग्रामीणों ने अपने स्तर पर कड़ी नाकाबंदी कर रखी है. इस गांव में बाहरी लोगों के प्रवेश पर सख्त पाबंदी है. सख्ती का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि राज्य सरकार के एक मंत्री और जिलाधिकारी तक ने अपने दौरे में इस गांव के भीतर प्रवेश नहीं किया और ग्रामीणों की जागरूकता का सम्मान करते हुए वापस लौट गए.
जिला मुख्यालय से करीब 15 किलोमीटर दूर ढाबली गांव में रविवार को सामने आई इस घटना की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हैं. इनमें राज्य के जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट और जिलाधिकारी मनीष सिंह गांव के प्रवेश द्वार पर लगे बैरिकेड के दूसरी ओर खड़े होकर ग्रामीणों से चर्चा करते नजर आ रहे हैं. अधिकारियों ने बताया कि मंत्री और जिलाधिकारी जनता कर्फ्यू के दौरान महामारी की स्थिति का जायजा लेने ग्रामीण क्षेत्रों के दौरे पर गए थे, लेकिन ढाबली गांव में कोरोमना वायरस से बचाव के लिए ग्रामीणों की जागरूकता को देखते हुए उन्होंने बैरिकेड हटवाकर गांव में प्रवेश करना उचित नहीं समझा और वे बैरिकेड पर तैनात ग्रामीणों से चर्चा कर लौट गए.
ढाबली गांव के सरपंच महेश परिहार ने कहा, 'कोरोना वायरस संक्रमण के चलते गांव के दो-तीन लोगों की मौत के बाद हमने बाहरी लोगों के प्रवेश पर सख्ती करने के लिए बैरिकेड लगा दिया है. गांव के युवा इस बैरिकेड पर बारी-बारी तैनात होते हैं, वे गांव में घुसने वाले बाहरी लोगों से उनके आने का कारण पूछते हैं.' सरपंच ने कहा, 'हम नाकाबंदी के जरिये अपने गांव को कोरोना वायरस के प्रकोप से बचाना चाहते हैं.'
गौरतलब है कि इंदौर, सूबे में कोविड-19 से सबसे ज्यादा प्रभावित जिला है. सरकारी आंकड़ों के मुताबिक करीब 35 लाख की आबादी वाले जिले में 24 मार्च 2020 से लेकर अब तक महामारी के कुल 1,28,459 मरीज मिले हैं. इनमें से 1,212 लोगों की इलाज के दौरान मौत हो चुकी है.







