• Sun, 10 May, 2026
गोवा के तट से टकराया, मूसलाधार बारिश के साथ तेज हवाएं चलना हुईं शुरू

राज्य

Updated Sun, 16 May 2021 12:21 IST

गोवा के तट से टकराया, मूसलाधार बारिश के साथ तेज हवाएं चलना हुईं शुरू

पणजी: चक्रवात तौकते  रविवार सुबह गोवा के समुद्री तट से टकरा गया. यहां समुद्र में ऊंची लहरें उठ रही हैं. गोवा के तट पर तेज हवाओं के साथ-साथ मूसलाधार बारिश भी हो रही है. यहां कई पेड़ भी सड़क पर गिर गए हैं.

तूफान को लेकर अलर्ट पर बीएमसी

इस बीच बृहन्मुंबई महानगर पालिका (BMC) ने मुंबई से तौकते चक्रवाती तूफान गुजरने की भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) की चेतावनी के मद्देनजर 580 मरीजों को कोविड-19 केयर सेंटर्स से शिफ्ट किया.

कोविड-19 मरीजों को किया गया शिफ्ट

बीएमसी के एक अधिकारी ने बताया कि नगर निकाय ने कोविड केयर सेंटर्स से 580 मरीजों (बीकेसी से 243, दहिसर से 183 और मुलुंड से 154) को मुंबई के राज्य सरकार और नगर निकाय के अस्पतालों में शनिवार रात शिफ्ट कर दिया.

मुंबई के पास से गुजरेगा तौकते चक्रवात

 

आईएमडी ने घोषणा की है कि चक्रवात तौकते रविवार को शहर से गुजर सकता है. इसी के मद्देनजर अधिकारी ‘बांद्रा-वर्ली सी लिंक’ एहतियातन बंद करने की संभावना पर भी विचार कर रहे हैं.

इससे पहले बीएमसी ने शुक्रवार को मुंबई के अस्पतालों को सतर्क किया था कि बेड और ऑक्सीजन उपकरणों की उपलब्धता को लेकर आखिरी समय में कोई अव्यवस्था नहीं हो. अधिकारी ने बताया कि मुंबई में उपनगरीय रेल सेवा रविवार को जारी रहेगी.

आईएमडी ने शनिवार को कहा था कि ‘तौकते’ और मजबूत हो गया है. यह गुजरात के तट और केंद्र शासित प्रदेश दमन-दीव और दादरा-नगर हवेली के तट की ओर बढ़ रहा है.

आईएमडी ने कहा था कि तूफान के शनिवार देर रात तक ‘बहुत गंभीर चक्रवाती तूफान’ में तब्दील होने की संभावना है. विभाग ने कहा था कि इसके उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने और 18 मई की दोपहर के आसपास पोरबंदर और नलिया के बीच गुजरात तट को पार करने की संभावना है.

आईएमडी ने कहा था कि तूफान के शनिवार देर रात या रविवार तड़के मुंबई से कुछ दूरी से गुजरने की संभावना है, इसलिए अधिक नुकसान होने की आशंका नहीं है, लेकिन मुंबई, ठाणे और पालघर में तेज हवाएं चल सकती हैं और भारी बारिश हो सकती है.

 
 

 

 

 

Latest news