राज्य
Updated Fri, 26 Mar 2021 7:37 IST
संबंधों में मजबूती: बांग्लादेश दौरे के लिए रवाना हुए पीएम मोदी, बोले- मित्र देश जाने की खुशी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज दो दिन के विदेश दौरे पर बांग्लादेश के लिए रवाना हो गए हैं। कोरोना और लॉकडाउन के बाद यह प्रधानमंत्री मोदी का पहला विदेश दौरा है। सांस्कृतिक और कूटनीति के लिहाज से यह दौरा काफी अहम माना जा रहा है। अपने दो दिवसीय दौरे से पहले बृहस्पतिवार को उन्होंने कहा कि इस दौरान वह बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना के साथ व्यापक विचार-विमर्श करेंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि कोविड-19 महामारी की शुरुआत के बाद अपनी पहले विदेश दौरे पर पड़ोसी मित्र देश बांग्लादेश जाकर खुशी हो रही है।
उन्होंने कहा कि वह प्रधानमंत्री हसीना के निमंत्रण पर 26-27 मार्च को बांग्लादेश के दौरे पर रहेंगे और शुक्रवार को बांग्लादेश के राष्ट्रीय दिवस समारोह में शिरकत करेंगे। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश के साथ भारत के गहरे सांस्कृतिक, भाषा और लोगों से संबंध हैं। पड़ोसी मुल्क का राष्ट्रीय दिवस के साथ ही बांग्लादेश के जनक शेख मुजीबुर रहमान की जन्मशती भी है। उन्होंने कहा कि बंगबंधु पिछली शताब्दी के महान नेताओं में से एक थे जिनकी जिंदगी और विचार करोड़ों लोगों के लिए आज भी प्रेरणास्रोत हैं। वह तुंगीपाड़ा जाकर बंगबंधु की समाधि पर अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
उन्होंने कहा कि वह 51 शक्तिपीठों में से एक जशोरेश्वरी काली मंदिर जाकर देवी काली की पूजा अर्चना भी करेंगे। साथ ही वह ओराकांडी में मतुआ समुदाय के प्रतिनिधियों से मुलाकात को लेकर भी काफी उत्सुक हैं। यहां से श्रीश्री हरिचंद ठाकुर ने अपने पवित्र संदेश का प्रचार-प्रसार किया था। मतुआ समुदाय से पीएम की मुलाकात को पश्चिम बंगाल में हो रहे विधानसभा चुनाव से भी जोड़कर देखा जा रहा है।
पीएम ने कहा कि वह प्रधानमंत्री शेख हसीना से विभिन्न मुद्दों पर व्यापक चर्चा करेंगे। पिछले साल दिसंबर में हुई हमारी वर्चुअल बैठक काफी सकारात्मक रही थी। वह राष्ट्रपति अब्दुल हामिद से मुलाकात को लेकर भी काफी उत्सुक हैं। साथ ही अन्य बांग्लादेशियों से भी विचार-विमर्श करूंगा। उन्होंने कहा कि वह अपनी यात्रा के दौरान बांग्लादेश की कोविड-19 के खिलाफ लड़ाई में भारत का समर्थन भी व्यक्त करेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दो दिवसीय यात्रा से पहले बांग्लादेश के दक्षिण-पश्चिम में स्थित दो मंदिरों को सजाया गया है। अपनी यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री इन मंदिरों में पूजा-अर्चना करेंगे। साथ ही वह बांग्लादेश की स्वतंत्रता की स्वर्ण जयंती और बंगबंधु शेख मुजीबुर रहमान की जन्म शताब्दी को लेकर मनाए जाने वाले भव्य कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे।
सूत्रों ने कहा कि हसीना शुक्रवार सुबह ढाका के हजरत शाह जलाल अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर मोदी की अगवानी करेंगी। उन्होंने कहा कि दो दिवसीय दौरे के दौरान मोदी शनिवार को दक्षिण-पश्चिम स्थित सतखीरा और गोपालगंज के जेशोरेशवरी एवं ओरकांडी मंदिरों में दर्शन के लिए जाएंगे।