• Mon, 11 May, 2026
मुंबई में शरद पवार के गॉल ब्लैडर का हुआ ऑपरेशन, 15 दिन में दूसरी सर्जरी

राज्य

Updated Mon, 12 Apr 2021 14:39 IST

मुंबई में शरद पवार के गॉल ब्लैडर का हुआ ऑपरेशन, 15 दिन में दूसरी सर्जरी

मुंबई. मुंबई के एक निजी अस्पताल में सोमवार को राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के प्रमुख शरद पवार के पित्ताशय का ऑपरेशन (Gall Bladder Surgery) हुआ. महाराष्ट्र के मंत्री नवाब मलिक ने इस बारे में बताया. पवार (80) को यहां के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था. बीते 15 दिनों से कम में यहे दूसरा मौका है, जब शरद पवार की सर्जरी कराई गई. मलिक ने बताया, ‘पार्टी अध्यक्ष शरद पवार साहेब के पित्ताशय का सोमवार को डॉक्टर बलसारा ने सफल लैप्रोस्कोपी ऑपरेशन किया. ’
मलिक ने बताया कि पवार की स्थिति स्थिर है और उनके स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है. इससे पहले 30 मार्च को राकांपा अध्यक्ष की पित्त वाहिका से एक पथरी निकालने के लिए अस्पताल में आपातकालीन एंडोस्कोपी सर्जरी की गयी थी. इसके बाद उन्हें सात दिन तक आराम करने की सलाह दी गयी थी.
मलिक ने बताया, ‘करीब 15 दिन बाद उनका ऑपरेशन होना था. इसलिए वह रविवार को अस्पताल में भर्ती हुए और आज सुबह ही उनका ऑपरेशन हुआ.’ पवार की पार्टी महाराष्ट्र में शिवसेना और कांग्रेस के साथ गठबंधन कर सत्ता में है.

शरद पवार को कुछ दिन से पेट में दर्द की शिकायत थी, जिसके बाद जानकारी हुई कि उनके गॉलब्लैडर में कुछ दिक्कत है, इसलिए डॉक्टरों ने सर्जरी की बात कही थी. जांच के बाद एनसीपी प्रमुख की पहले से चल रही दवाएं रोक दी गई थीं. बीमार होने के बाद पवार के सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए गए. 
 

 

Latest news