• Mon, 11 May, 2026
कोरोना की दूसरी लहर: 146 जिलों में हालात बहुत गंभीर, संक्रमण दर 15 फीसदी से ज्यादा

राज्य

Updated Thu, 22 Apr 2021 11:12 IST

कोरोना की दूसरी लहर: 146 जिलों में हालात बहुत गंभीर, संक्रमण दर 15 फीसदी से ज्यादा

कोरोना वायरस की दूसरी लहर देश के 146 जिलों में काफी गंभीर हो चुकी है। यहां संक्रमण दर 15 फीसदी से ज्यादा है जिसे नियंत्रण में लाना बहुत जरूरी है। इसके लिए केंद्र और राज्य सरकारें मिलकर काम कर रही हैं। इनके अलावा 274 जिलों में पांच से 10 फीसदी के बीच संक्रमण दर है। 
 
यह जानकारी देते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने कहा कि देश के जिन जिलों में संक्रमण दर तेजी से बढ़ रही है वहां अधिक ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) का हवाला देते हुए कहा कि शून्य से पांच फीसदी के बीच संक्रमण दर होने पर स्थिति जल्द ही नियंत्रित हो सकती है लेकिन इससे अधिक संक्रमण दर होने से हालात चिंताजनक हो सकते हैं। 
 
स्वास्थ्य सचिव ने कहा कि 274 जिले में संक्रमण दर 10 फीसदी तक है लेकिन यहां प्रशासनिक स्तर पर ध्यान नहीं दिया गया तो स्थिति और भी अधिक गंभीर हो सकती है। उन्होंने बताया कि देश के 308 जिले अभी भी ऐसे हैं जहां संक्रमण दर पांच फीसदी से कम है। उन्होंने बताया कि देश में अभी 13.82 फीसदी सक्रिय मामले हैं। जबकि मृत्युदर 1.17 फीसदी है। राहत की बात है कि 85.01 फीसदी मरीज स्वस्थ्य हो चुके हैं।
 
स्वास्थ्य सचिव ने बताया कि कोरोना की पहली लहर में एक दिन में अधिकतम 98 हजार मामले सामने आए थे लेकिन अब उनकी संख्या बढ़कर 2.95 लाख तक पहुंच चुकी है। हालांकि राहत की बात है कि देश में इस साल एक जनवरी से कोरोना की मृत्युदर लगातार नीचे आ रही है जिससे पता चलता है कि अस्पतालों में चिकित्सीय प्रबंधन पर बेहतर तरीके से काम किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अभी महाराष्ट्र में 6.85 लाख, उत्तर प्रदेश में 2.23 लाख और कर्नाटक में 1.59 लाख सक्रिय मरीज हैं जिनका उपचार चल रहा है। इनके अलावा छत्तीसगढ़ में 1125 और केरल में 1.18 लाख सक्रिय मामले बाकी राज्यों की तुलना में सबसे अधिक हैं।
 
 

Latest news