• Mon, 11 May, 2026
सर्बानंद सोनोवाल ने जताई उम्मीद, बोले- असम में फिर बनाएंगे बीजेपी सरकार

राज्य

Updated Sun, 2 May 2021 14:17 IST

सर्बानंद सोनोवाल ने जताई उम्मीद, बोले- असम में फिर बनाएंगे बीजेपी सरकार

नई दिल्ली. असम के मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने राज्य में हुए विधानसभा चुनाव में फिर से जीत की उम्मीद जताई है. सोनोवाल ने रविवार को कहा कि असम में रुझानों में भाजपा के नेतृत्व वाले गठबंधन को स्पष्ट बहुमत मिलता दिख रहा है. उन्होंने उम्मीद जताई कि राज्य में बीजेपी एक बार फिर से सत्ता में आएगी. राज्य की 126 विधानसभा सीटों में से भाजपा-गठबंधन 81 सीटों पर आगे चल रहा है जबकि कांग्रेस-गठबंधन 45 सीटों पर आगे है.

असम के विधानसभा चुनावों के रुझानों में भाजपा गठबंधन एक बार फिर से वापसी करता दिख रहा है. अभी तक की बात करें तो एनडीए को 81 और यूपीए को 45 सीटों पर बढ़त नजर आ रही है. यदि रुझानों की मानें तो राज्य में एक बार फिर से भाजपा सरकार पूर्ण बहुमत के साथ बन सकती है. बीजेपी की सहयोगी पार्टी असम गण परिषद के प्रत्याशी 10 और यूपीपीएल के प्रत्याशी 7 सीटों पर आगे चल रहे हैं.

सत्ताधारी गठबंधन के 100 से ज्यादा सीट जीतने के अनुमान पर सोनोवाल ने कहा कि रुझान पूरी तरह से उनकी पार्टी के पक्ष में हैं. हालांकि अंतिम परिणामों के लिए इंतजार करना होगा. चुनाव से पहले प्रचार में बीजेपी-गठबंधन ने राज्य में 100 से ज्यादा सीट जीतने का भरोसा जताया था. मोदी सरकार में मंत्री रहे सर्बानंद मजुली सीट से मैदान में हैं और बढ़त बनाए हुए हैं. अभी तक हुई मतगणना के बाद 13784 वोटों में से सोनोवाल को 9153 वोट मिले हैं जबकि कांग्रेस के राजीव लोचन को 3674 मत ही मिले हैं.

 

Latest news