Sun,
10 May, 2026
राज्य
Updated Wed, 19 May 2021 12:32 IST
मेरठ. समूचे वेस्ट यूपी में ताउते तूफान का असर दिखना शुरु हो गया है. 20 मई को भी वेस्ट यूपी के मेरठ, बागपत और मुज़फ्फरनगर में भारी बारिश की संभावना जताई जा रही है. मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि मेरठ में 20 मई को जहां 84 एमएम बारिश की संभावना है तो वहीं मुज़फ्फरनगर में 94 एमएम बारिश हो सकती है. बागपत में 90 एमएम बारिश की संभावना जताई जा रही है.
भारतीय कृषि प्रणाली अनुसंधान संस्थान के सीनियर वैज्ञानिक डॉक्टर शमीम का कहना है कि वेस्ट यूपी में मौसम का बदला हुआ मिजाज़ सामान्य नहीं है. उन्होंने कहा कि मौसम का बदला हुआ मिजाज़ 100 फीसदी ताउते तूफान की वजह से है. डॉक्टर शमीम ने बताया कि वेस्ट यूपी में बारिश तो होगी ही 20 मई को 25 किलोमीटर प्रति घंटा के हिसाब से हवा भी चलेगी.
आम, लीची और टमाटर की फसलों को नुकसान
डॉक्टर शमीम का कहना है कि इस तेज़ हवा से आम, लीची और टमाटर के किसानों को नुकसान हो सकता है. डॉक्टर शमीम का कहना है कि कोस्टल में इस तूफान का ज्यादा असर होगा प्लेन एरिया में इसका असर कम होगा. सिर्फ तेज़ हवाएं चलेंगी और बारिश होगी. उन्होंने बताया कि 21 मई तक ऐसे ही मौसम रहेगा और 22 मई से सामान्य होगा. डॉक्टर शमीम ने बताया कि वाराणसी में 20 को हल्की बारिश होने की संभावना है. डॉक्टर शमीम का कहना है कि क्योंकि हवाएं तेज़ चलेंगी इसलिए फ्रूट ड्रॉप होने की संभावना ज्यादा है. मुजफ्फरनगर लीची और मेरठ आम के लिए जाना जाता है. लिहाज़ा मेरठ के आम किसानों और मुज़फ्फरनगर के लीची किसानों को नुकसान हो सकता है. वहीं टमाटर के किसानों को भी नुकसान की संभावना है.
21 मई तक बारिश का अनुमान
मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो महाराष्ट्र और अन्य पश्चिमी तटीय इलाकों में कहर ढा रहे चक्रवाती तूफान ताउते का असर उत्तर प्रदेश में भी दिखाई देने वाला है. मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक अगले 24 घंटों के दौरान भी कुछ स्थानों पर तेज हवा और धूल भरी आंधी आ सकती है. वहीं, तूफान के साथ-साथ पश्चिमी विक्षोभ भी अपना असर दिखाएगा, नतीजतन बारिश का सिलसिला 21 मई तक जारी रहने का अनुमान है. इस बीच, मेऱठ मुजफ्फरनगर बागपत में आज बूंदाबांदी भी हुई. मेरठ मंडल के ज़िलों में अधिकतम तापमान में वृद्धि भी दर्ज की गई.







