Mon,
11 May, 2026
राज्य
Updated Sun, 18 Apr 2021 18:34 IST
नई दिल्ली। दिल्ली में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या में दिनोंदिन इजाफा होता जा रहा है, अस्पतालों में बेड खत्म हो चुके हैं, इसको लेकर सरकार चिंतित है। अस्पतालों के अलावा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, स्कूलों और निजी अस्पतालों को भी कोविड सेंटर बनाया जा रहा है। इसके अलावा दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने अब रेलवे से भी दिल्ली में दो स्टेशनों पर ट्रेन के डिब्बों में कोविड बेड मुहैया कराने का अनुरोध किया है। इन डिब्बों में चिकित्सा स्टाफ और आक्सीजन सुविधाओं के अलावा अन्य चीजें भी मुहैया कराने के लिए कहा गया है जिससे जिन मरीजों को यहां भर्ती किया जाए उनको किसी तरह की समस्या न हो। उन्होंने दिल्ली के आनंद विहार और शकूर बस्ती रेलवे स्टेशनों पर ये कोच मुहैया कराने के लिए कहा है।
मालूम हो कि साल 2020 में जब कोरोना की पहली लहर थी उस समय भी रेलवे की ओर से इन दोनों स्टेशनों पर इस तरह से रेलवे के कोच को आइसोलेशन बेड की तरह तैयार करके खड़ा किया गया था मगर उस दौरान उतने केस सामने नहीं आए थे, इस वजह से इन कोचों को हटा लिया गया था, अब इस साल मरीजों की संख्या में दिनोंदिन इजाफा होता जा रहा है, अस्पतालों में बेड कम पड़ गए हैं, इस वजह से सरकार ने रेलवे से कोचों में बेड और आक्सीजन मुहैया कराकर उसे लगाने का अनुरोध किया है जिससे मरीजों का इलाज हो सके।
दिल्ली में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए सरकार को और कोविड सेंटरों की आवश्यकता महसूस हो रही है। इसको ध्यान में रखते हुए सीएम अरविंद केजरीवाल ने कुछ और कदम उठाए हैं। कोरोना संक्रमित मरीजों के लिए अब कुछ अन्य जगहों पर भी कोविड सेंटर बनाए जा रहे हैं। मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सके इसको ध्यान में रखते हुए केंद्र सरकार से भी मदद मांगी गई है। इसके अलावा सरकार अपने स्तर से भी तैयारियां कर रही है।
सीएम अरविंद केजरीवाल ने बताया कि मरीजों की संख्या को देखते हुए अगले दो से तीन दिनों में कुछ स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और स्कूलों में भी बेडों की संख्या बढ़ाई जाएगी। उन्हें कोविड सेंटर के तौर पर तैयार किया जा रहा है। इनमें यमुना स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और राष्ट्रमंडल खेल गांव शामिल हैं। इसके अलावा राधा स्वामी सत्संग ब्यास में कोविड मरीजों के लिए सुविधा फिर से शुरू की जाएगी। स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और स्कूलों को जल्द ही कोविड केंद्रो में बदल दिया जाएगा। यमुना स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 6000 आक्सीजन बेड तैयार किए जा रहे हैं।







