• Tue, 17 Mar, 2026
वैक्सीन सप्लाई पर राजनीति, राज्य-केंद्र में आरोप-प्रत्यारोप, जानें क्या असली दिक्कत

ताज़ा खबरें

Updated Thu, 1 Jul 2021 18:09 IST

वैक्सीन सप्लाई पर राजनीति, राज्य-केंद्र में आरोप-प्रत्यारोप, जानें क्या असली दिक्कत

नई दिल्ली. कोरोना वैक्सीनेशन कार्यक्रम (Covid Vaccination Drive) में एक बार फिर राजनीति की एंट्री हो रही है. दरअसल विपक्षी पार्टियों के शासन वाले कई राज्यों ने ज्यादा वैक्सीनेशन क्षमता का हवाला देकर अधिक वैक्सीन डोज की मांग की है. इन राज्यों का कहना है कि वो आशंकित तीसरी लहर के खतरे को टालने के लिए ऐसा करना चाहते हैं. महाराष्ट्र, राजस्थान, छत्तीसगढ़, दिल्ली जैसे राज्यों द्वारा अधिक वैक्सीन डोज की मांग करने पर बृहस्पतिवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि 'शेमलेस राजनीति' बंद होनी चाहिए. सरकारों को पैनिक क्रिएट करने के बजाए गवर्नेंस पर अधिक ध्यान देना चाहिए.
उन्होंने कहा कि जुलाई महीने में राज्यों को 12 करोड़ वैक्सीन डोज भेजे जाएंगे. ये डोज अस्पतालों की 25 फीसदी सप्लाई से अलग हैं. इसका मतलब जुलाई महीने में 15-16 करोड़ डोज राज्यों को भेजे जाएंगे. और ये रोजाना के 50-60 लाख वैक्सीनेशन के लिहाज से पर्याप्त संख्या है.

राज्यों ने कहा कि वो ज्यादा वैक्सीनेशन कर सकते हैं

हालांकि महाराष्ट्र और राजस्थान ने कहा है कि वो रोजाना 15 लाख लोगों का वैक्सीनेशन कर सकते हैं. राजस्थान ने सिर्फ जुलाई महीने के लिए 1.5 करोड़ वैक्सीन डोज की मांग की है. वहीं छत्तीसगढ़ ने 1 करोड़ डोज की मांग की है. महाराष्ट्र को जुलाई के लिए करीब 1.5 करोड़ डोज अलॉट किए जा चुके हैं. वहीं राजस्थान को 65 लाख डोज अलॉट किए गए हैं. वहीं छत्तीसगढ़ को 24 लाख डोज अलॉट किए गए हैं. सभी राज्यों ने अलॉट की गई वैक्सीन की संख्या को कम बताया है.

ममता ने कहा-यूपी बिहार को दिए जा रहे ज्यादा डोज

पश्चिम बंगाल को जुलाई महीने के लिए 90 लाख डोज अलॉट किए गए हैं. लेकिन राज्य चाहता है कि उसे इसकी दोगुनी सप्लाई दी जाए. पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा है कि केंद्र की तरफ से उत्तर प्रदेश और बिहार को ज्यादा सप्लाई की जा रही है.

सप्लाई बड़ा मुद्दा

केंद्र सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक सप्लाई एक बड़ा मुद्दा था जिसमें जुलाई में काफी सुधार होगा और अगस्त से स्थितियां बहुत बेहतर होंगी. स्वास्थ्य मंत्रालय के एक अधिकारी ने न्यूज़18 से कहा-'तीसरी लहर के खौफ के कारण राज्य चाहते हैं कि तेज वैक्सीनेशन हो लेकिन सप्लाई में अभी कमी है.' उन्होंने कहा कि राज्यों को वैक्सीन की सप्लाई 18+ की जनसंख्या के आधार पर प्रो-रेट बेसिस के आधार पर की जा रही है. इसमें कोई राजनीति नहीं है. उत्तर प्रदेश में 15 करोड़ से ज्यादा 18+ वाले लोग हैं. इसी वजह से उसे 1.91 करोड़ वैक्सीन डोज दिए गए हैं. इसके बाद महाराष्ट्र का नंबर है. फिर बिहार.

भारत बायोटेक की सप्लाई अभी कम, बढ़ाने की कोशिश जारी

भारत बायोटेक की तरफ से लिमिटेड सप्लाई भी अभी एक बड़ा मुद्दा है. जुलाई महीने में 15-16 करोड़ में 2.5 से 3 करोड़ डोज ही कोवैक्सीन की सप्लाई होगी. न्यूज़18 ने बीते सप्ताह रिपोर्ट किया था कि पांच महीने के दौरान भारत बायोटेक ने सिर्फ 4 करोड़ डोज की सप्लाई की है. अगले 6 महीने में कंपनी अपनी सप्लाई 9 गुना बढ़ाने में लगी हुई है. अगस्त महीने से बायोलॉजिक-ई की वैक्सीन से भी मदद मिलेगी.

 

 
 

 

Latest news