• Sun, 10 May, 2026
बॉयफ्रेंड के साथ गई लड़की के साथ दुष्कर्म का आरोप, पुलिस ने शुरू की जांच

ताज़ा खबरें

Updated Thu, 11 Nov 2021 21:01 IST

बॉयफ्रेंड के साथ गई लड़की के साथ दुष्कर्म का आरोप, पुलिस ने शुरू की जांच

Patna: बिहार के नालंदा जिले के चंडी थाना क्षेत्र में कथित तौर पर अपने बॉयफ्रेंड के साथ निकली एक लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला प्रकाश में आया है. पीड़िता के परिजन के बयान पर इस मामले की प्राथमिकी चंडी थाना में दर्ज कर ली गई है तथा पूरे मामले की छानबीन की जा रही है. पुलिस के एक अधिकारी ने गुरुवार को बताया कि मंगलवार की शाम थरथरी क्षेत्र की रहने वाली एक लड़की अपने बॉयफ्रेंड के साथ छठ के खरना का प्रसाद खाने के लिए निकली थी.

आरोप है कि दोनों चंडी-सरमेरा स्टेट हाईवे 78 पर चंडीडीह गांव के समीप बैठे थे कि दो-तीन युवक पहुंचे और लड़की के साथ छेड़खानी करने लगे. इसका जब लड़की और उसके कथित मित्र ने विरोध किया तो आरोप है कि गांव से आए युवको ने लड़की को पास के ही खेत में ले गए और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया. आरोप है कि युवकों ने उसका वीडियो भी बना लिया.

चंडी के थाना प्रभारी रितू राज ने गुरुवार को बताया कि पीड़िता की मां के बयान पर इस मामले की एक प्राथमिकी चंडी थाना में दर्ज कर ली गई है, जिसमें लड़की के बॉयफ्रेंड सहित तीन लोगों को आरोपी बनाया गया है. पीड़िता की मां का आरोप है कि गांव का ही रहने वाला उसकी बेटी का बॉयफ्रेंड बहला फुसला कर पीड़िता को अपने साथ ले गया और फिर बाकी लोगों के साथ मिलकर इस घटना को अंजाम दिया.

थाना प्रभारी ने कहा कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. उन्होंने कहा कि पीड़िता लगातार अपना बयान बदल रही है, जिससे यह मामला संदिग्ध लग रहा है, हालांकि पुलिस सभी कोणों से जांच कर रही है. पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.

 

Latest news