Mon,
11 May, 2026
राज्य
Updated Sat, 1 May 2021 19:23 IST
नई दिल्ली. दिल्ली में लगातार बढ़ते कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या के चलते अस्पतालों में बेड्स और ऑक्सीजन की भारी कमी पैदा हो गई है. ऐसे में केंद्र सरकार के आदेशों पर दिल्ली सरकार के जिला प्रशासन के साथ मिलकर तैयार किए गए राधा स्वामी सत्संग व्यास स्थित सरदार पटेल कोविड केयर सेंटर में वेंटिलेटर सुविधाओं को बढ़ाने के लिए अब प्रधानमंत्री कार्यालय ने हस्तक्षेप किया है.
प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) की ओर से आईटीबीपी (ITBP) के महानिदेशक को आदेश दिए हैं कि वे सरदार पटेल कोविड केयर सेंटर में तुरंत 150 वेंटिलेटर बेड की व्यवस्था करें. इन वेंटीलेटर को मुहैया कराने के लिए पीएम केयर ट्रस्ट फंड से इन सभी को मुहैया कराया जाएगा.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सलाहकार भास्कर खुल्बे की ओर से इस संबंध में एक पत्र केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ज्वाइंट सेक्रेटरी मनदीप भंडारी को भेजा गया है. पत्र के माध्यम से आइटीबीपी डीजी को भी सूचित किया गया है कि वह इस संबंध में केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण से भी इन वेंटीलेटर के स्थापित करने को लेकर चर्चा करें.
साथ ही प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से यह भी निर्देश दिए गए हैं कि इन सभी वेंटीलेटर का इंस्टॉलेशन चयनित वेंडर के जरिए किया जाए. साथ ही चयनित वेंडर के द्वारा ही इन सभी वेंटिलेटर के लिए आवश्यक ट्रेनिंग को भी आयोजित किया जाए.
प्रधानमंत्री के सलाहकार की ओर से यह स्पष्ट किया गया है कि इन 150 वेंटीलेटर की डिमांड के लिए आइटीबीपी महानिदेशक एसएस देशवाल की ओर से आग्रह किया गया था.
इस बीच देखा जाए तो सरदार पटेल कोविड केयर सेंटर में अभी तक 400 से ज्यादा मरीजों को भर्ती किया जा चुका है. बताया जाता है कि आइटीबीपी की ओर से कोविड केयर सेंटर में 500 ऑक्सीजन बेड की व्यवस्था की गई है. इसका निरीक्षण करने के लिए आइटीबीपी के वरिष्ठ अधिकारी भी लगातार निरीक्षण कर रहे हैं.
बताते चलें कि शुक्रवार को 27,047 पॉजिटिव मामले रिकॉर्ड किए गए थे. वही रिकवर्ड करने वालों की संख्या 25,288 रिकॉर्ड की गई थी. वही मरने वालों की संख्या 375 दर्ज की गई थी. पॉजिटिविटी रेट भी शुक्रवार को 32.69 फीसदी रहा.







