• Sun, 10 May, 2026
111 करोड़ की लागत से 865 वाहनों के लिए नोएडा में बनाई गई है Parking, जानें क्‍या है रेट

ताज़ा खबरें

Updated Thu, 5 Aug 2021 13:31 IST

111 करोड़ की लागत से 865 वाहनों के लिए नोएडा में बनाई गई है Parking, जानें क्‍या है रेट

नोएडा. दिल्‍ली-एनसीआर के प्रमुख शहर नोएडा (Noida) के कनॉट प्लेस कहे जाने वाले अट्टा बाजार (Atta Bazar) को अब जाम की परेशानी से नहीं जूझना पड़ेगा. छोटे-बड़े सभी तरह के वाहनों को पार्किंग के लिए जगह भी मिल जाएगी. यह बाजार सेक्टर-16A में आता है. इसी को देखते हुए नोएडा अथॉरिटी (Noida Authority) ने 111 करोड़ की लागत से बेसमेंट समेत एक मल्टीस्टोरी पार्किंग तैयार कराई है. पार्किंग में 865 वाहन खड़े किए जा सकेंगे. इतना ही नहीं पार्किंग के गेट से ही ई-रिक्शा की फ्री सर्विस भी मिलेगी. फिल्म सिटी, सेक्टर-16ए में यह पार्किंग शुरू हो चुकी है. जल्द ही बॉटेनिकल गार्डन (Botanical Garden) की मल्टीलेवल पार्किंग (Multilevel parking) शुरू होने की भी उम्मीद जताई जा रही है.

नोएडा अथॉरिटी से जुड़े अफसरों की मानें तो फिल्म सिटी, सेक्टर-16ए की पार्किंग को बेसमेंट समेत मल्टीस्टोरी पैटर्न पर तैयार किया गया है. इसके चलते पार्किंग में 755 कार एक साथ खड़ी की जा सकती हैं. वहीं 110 दोपहिया वाहन भी पार्किंग में खड़े किए जा सकते हैं. सेक्टर-3 और 5 की पार्किंग पहले ही बनकर तैयार हो चुकी है. कोरोना-लॉकडाउन के चलते इस पार्किंग का काम थोड़ा लेट हो गया था.

 

मुनासिब रेट के साथ ई-रिक्शे की फ्री सवारी भी

जानकारों की मानें तो पार्किंग में कार और दोपहिया वाहनों को पार्क करने के रेट बहुत ही मुनासिब रखे गए हैं. जैसे 4 पहिया वाहन के लिए पहले दो घंटे के 20 रुपये और इसके बाद प्रति घंटा 10 रुपये लगेंगे. 2 पहिया वाहन के लिए पहले दो घंटे के दस रुपये और इसके बाद पांच रुपये प्रति घंटे के हिसाब से देना होगा.

4 पहिया के लिए दिनभर का अधिकतम किराया 80 रुपये होगा तो मासिक पास 1500 रुपये का बनेगा. जबकि 2 पहिया वाहन के लिए दिनभर का अधिकतम किराया 40 रुपये और मासिक पास के लिए 750 रुपये चुकाने होंगे.

बॉटेनिकल गार्डन मेट्रो स्टेशन के पास बन रही पार्किंग
गौरतलब रहे कि बॉटेनिकल गार्डन मेट्रो स्टेशन के ठीक बराबर से नोएडा अथॉरिटी एक मल्टीलेवल पार्किंग बनवा रही है. वर्ल्ड क्लास मॉडल पर बन रही यह पार्किंग भी जल्द ही शुरू हो जाएगी. इस पार्किंग के बनने के बाद अट्टा बाजार का जाम और भीड़भाड़ पूरी तरह से खत्म होने की उम्मीद जताई जा रही है.

 
 

Latest news