• Sun, 10 May, 2026
कंधार कॉन्सुलेट बंद होने पर पाकिस्तान बोला- अफगानिस्तान में डूब रहा भारत का निवेश

ताज़ा खबरें

Updated Sun, 11 Jul 2021 14:04 IST

कंधार कॉन्सुलेट बंद होने पर पाकिस्तान बोला- अफगानिस्तान में डूब रहा भारत का निवेश

इस्लामाबाद. भारत के कंधार कॉन्सुलेट बंद करने की खबरों को लेकर पाकिस्तानी सेना से प्रॉपगैंडा विंग इंटर सर्विजेस पब्लिक रिलेशन (ISPR) के महानिदेशक मेजर जनरल बाबर इफ्तिखार ने कहा कि अफगानिस्तान में भारत का निवेश डूबता दिख रहा है. दरअसल, पाकिस्तान (Pakistan) शुरू से ही अफगानिस्तान में भारत की मौजूदगी का विरोध करता रहा है. सूत्रों के अनुसार, भारत ने कंधार कॉन्सुलेट को पूरी तरह बंद नहीं किया है. यहां पर अब भी इमरजेंसी सर्विसेज के लिए भारत के कुछ अधिकारी तैनात हैं. हालांकि, सुरक्षा कारणों से कंधार कॉन्सुलेट में पहले से पोस्टेड कुछ अधिकारियों और कर्मचारियों को दूसरी जगह भेजा गया है. इन दिनों तालिबान के लड़ाकों ने कंधार के चारों ओर घेरा डाला हुआ है और अफगान सेना के साथ उनकी झड़पें भी हो रही हैं.
डीजी आईएसपीआर ने पाकिस्तान के एक निजी टीवी चैनल से बातचीत में कटाक्ष करते हुए कहा कि अगर भारत ने अफगानिस्तान में नेकनीयती से निवेश किया होता तो आज उसे निराशा नहीं होती. उन्होंने दावा किया कि भारत का लक्ष्य अफगानिस्तान में कदम रखकर पाकिस्तान को नुकसान पहुंचाना था. इतना ही नहीं, पाकिस्तानी सेना के इस प्रॉपगैंडा चीफ ने यह भी कहा कि नई दिल्ली दुनिया को यह बताने की कोशिश कर रही है कि पाकिस्तान अफगानिस्तान में समस्याओं का कारण है.

मेजर जनरल इफ्तिखार ने कहा कि दुनिया जानती है कि पाकिस्तान ने अफगान समस्या को सर्वोत्तम तरीके से हल करने की पूरी कोशिश की है. पर वह यह बताना भूल गए कि उनके ही विदेश मंत्री तालिबान के साथ पाकिस्तान सरकार और सेना के संबंधों को खुलेआम कबूल कर चुके हैं. पाकिस्तानी आंतरिक मंत्री शेख रशीद ने तो यहां तक कहा है कि तालिबान के परिवारवाले पाकिस्तान में रहते हैं.

 

 
 

 

Latest news