• Mon, 11 May, 2026
ऑक्सीजन टैंकर टोल-फ्री, अब तक 17 करोड़ लोगों को लगे टीके

राज्य

Updated Mon, 10 May 2021 18:38 IST

ऑक्सीजन टैंकर टोल-फ्री, अब तक 17 करोड़ लोगों को लगे टीके

देश में जारी दूसरी कोरोना लहर से निपटने के इंतजामों में भी रफ्तार आ गई है। एनएचएआई ने राष्ट्रीय राजमार्गों पर लिक्विड मेडिकल ऑक्सीजन ले जाने वाले टैंकरों और कंटेनरों को टोल फ्री कर दिया है। इन वाहनों को एंबुलेंस व अन्य आपातकालीन वाहनों जैसा माना जाएगा। देश में टीकाकरण की गति भी दुनिया में सबसे तेज है। अब तक 17 करोड़ लोगों को टीके लग चुके हैं। 
 
 
देश में कोविड-19 महामारी के कारण मेडिकल ऑक्सीजन की अभूतपूर्व मांग है। लिक्विड मेडिकल ऑक्सीजन ले जाने वाले कंटेनरों को दो महीने की अवधि के लिए या अगले आदेश तक एंबुलेंस जैसी अन्य आपातकालीन वाहनों की तरह ही माना जाएगा। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने देशभर के टोल प्लाजा पर इन टैंकरों की टोल मुक्त आवाजाही का आदेश दिया है। इससे राष्ट्रीय राजमार्गों पर मेडिकल ऑक्सीजन का आवागमन तीव्र गति से सुनिश्चित हो सकेगा।
 
 
विदेशों से मिली भारी मात्रा में सहायता, राज्यों को भेजी
सरकार ने सोमवार को बताया कि विदेशों से 6,738 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर, 3,856 ऑक्सीजन सिलेंडर, 16 ऑक्सीजन जेनरेशन प्लांट, 4,668 वेंटिलेटर/बाई पीएपी/सी पीएपी और तीन लाख से ज्यादा रेमडेसिविर इंजेक्शन भारत को विश्व सहायता के रूप में प्राप्त हुए हैं। इन्हें कस्टम क्लीयरेंस के बाद विमानों और सड़क मार्ग से देशभर के राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों को रवाना कर दिया गया। 
 
113 दिन में 17 करोड़ को टीके
पूरी दुनिया में भारत ने सबसे तेजी से 17 करोड़ कोविड वैक्सीन की डोज लगाई है। इस आंकड़े तक पहुंचने में भारत को 113 दिन लगे, जबकि चीन को 119 दिन और अमेरिका को 115 दिन लगे थे। सोमवार सुबह सात बजे तक मिली अस्थायी रिपोर्ट के अनुसार अब तक कुल 17,01,76,603 वैक्सीन की खुराक दी गई हैं। इनमें 95,47,102 ऐसे स्वास्थ्य कर्मी (एचसीडब्लू) हैं, जिन्हें पहली डोज और 64,71,385 को दूसरी डोज दी गई।
 
इसके अलावा 1,39,72,612 अग्रिम पंक्ति के कर्मियों (एफएलडब्लू) ने पहली और 77,55,283 ने दूसरी खुराक ली। 18 से 44 आयुवर्ग के 20.31 लाख से अधिक लाभार्थियों का टीकाकरण किया गया है। पिछले दस दिनों में 3.28 लाख से अधिक मरीज औसतन रोजाना ठीक हो रहे हैं।
 
 

Latest news