Mon,
11 May, 2026
राज्य
Updated Sun, 18 Apr 2021 18:05 IST
नई दिल्ली: दिल्ली में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए सरकार को और कोविड सेंटरों की आवश्यकता महसूस हो रही है। इसको ध्यान में रखते हुए सीएम अरविंद केजरीवाल ने कुछ और कदम उठाए हैं। कोरोना संक्रमित मरीजों के लिए अब कुछ अन्य जगहों पर भी कोविड सेंटर बनाए जा रहे हैं। अस्पतालों में जितने बेड थे वो लगभग भर चुके हैं, मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा होता जा रहा है इसको लेकर सरकार काफी चिंतित है। मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सके इसको ध्यान में रखते हुए केंद्र सरकार से भी मदद मांगी गई है। इसके अलावा सरकार अपने स्तर से भी तैयारियां कर रही है।
सीएम अरविंद केजरीवाल ने बताया कि मरीजों की संख्या को देखते हुए अगले दो से तीन दिनों में कुछ स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और स्कूलों में भी बेडों की संख्या बढ़ाई जाएगी। उन्हें कोविड सेंटर के तौर पर तैयार किया जा रहा है। इनमें यमुना स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और राष्ट्रमंडल खेल गांव शामिल हैं। इसके अलावा राधा स्वामी सत्संग ब्यास में कोविड मरीजों के लिए सुविधा फिर से शुरू की जाएगी। स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और स्कूलों को जल्द ही कोविड केंद्रो में बदल दिया जाएगा। यमुना स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 6000 आक्सीजन बेड तैयार किए जा रहे हैं।







