• Sun, 10 May, 2026
विदेशी ब्रांड की नहीं, ये है महिंद्रा की शानदार ऑफ-रोडर, बदले हुए अवतार में आएगी भारत!

ताज़ा खबरें

Updated Sun, 14 Nov 2021 13:02 IST

विदेशी ब्रांड की नहीं, ये है महिंद्रा की शानदार ऑफ-रोडर, बदले हुए अवतार में आएगी भारत!

महिंद्रा एंड महिंद्रा ने नॉर्थ अमेरिकी मार्केट में अपनी शानदार ऑफ-रोडर पेश कर दी है जिसका नाम रॉक्सर साइड-बाय-साइड है. मनोरंजन के लिए इस्तेमाल की जाने वाली ऑफ-रोडर के रूप में रॉक्सर ने जगह बनाई है. इस एसयूवी का उत्पादन महिंद्रा ऑटोमोटिव नॉर्थ अमेरिका द्वारा मिशिगन के आबर्न हिल्स में किया जा रहा है जो वाहन निर्माता की US सब्सिडियरी है. महिंद्रा की इस ऑफ-रोडर को Jeep के मालिकाना हक वाली कंपनी FCA द्वारा कई सारे मुकदमे दर्ज करने पर मार्केट से हटा लिया गया है, FCA का नाम बदलकर अब स्टेलांटिस हो गया है.

FCA द्वारा किए गए केस में समान डिज़ाइन की बात कही गई थी. इसके बाद महिंद्रा ने 2019 में रॉक्सर की डिज़ाइन में कुछ बदलाव किए थे, इस नई डिजाइन को US रेगुलेटर ने क्लीन चिट दे दी थी. नई डिजाइन में महिंद्रा ने जीप से मिलते पुर्जों को बदल दिया है. नई ऑफ-रोडर का अगला हिस्सा पहले से चौड़ा हो गया है और हैडलैंप्स भी अब ज्यादा अंतर पर दिख रहे हैं. यहां दो आड़ी पट्टियों वाली ग्रिल काले रंग के हनीकॉम्ब पुर्जों के साथ लगाई गई है. इसका अगला हिस्सा काफी खुला-खुला सा है जिससे ऑफ-रोडर के सस्पेंशन तक आपको दिखाई देते हैं.

महिंद्रा ने नई रॉक्सर के साथ 2.5-लीटर डीजल इंजन दिया है जो 64 बीएचपी ताकत और 195 एनएम पीक टॉर्क जनरेट करता है. इस ऑफ-रोडर की अधिकतम रफ्तार 88 किमी/घंटा है. नई महिंद्रा रॉक्सर मार्केट में बंद हो चुकी पहली पीढ़ी की महिंद्रा थार पर आधारित है जिसे दो गियरबॉक्स विकल्प दिए गए हैं. इसमें 5-स्पीड मैन्युअल गियरबॉक्स और 6-स्पीड ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन शामिल हैं. ये ऑफ-रोडर 1583 किग्रा तक भार खींच सकती है. रॉक्सर सिर्फ लाल और काले रंग में उपलब्ध कराई जा रही है. भारत में इस ऑफ-रोडर को बिल्कुल इसी अंदाज़ में पेश नहीं किया जाएगा.

 
 
 

 

Latest news