• Sun, 10 May, 2026
27 साल के जिम ट्रेनर की पीट-पीटकर हत्या के बाद नूंह में बढ़ा तनाव, पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा

राज्य

Updated Tue, 18 May 2021 18:01 IST

27 साल के जिम ट्रेनर की पीट-पीटकर हत्या के बाद नूंह में बढ़ा तनाव, पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा

रविवार की रात दवा खरीदने के लिए नूंह से सोहना जा रहे, एक 27 साल के युवक की उस वक्त मौत हो गई, जब लगभग 15 लोगों के एक समूह ने उन पर लाठियों और बंदूकों से हमला किया। इस हमले में उसके दो चचेरे भाई भी घायल हो गए। पुलिस ने सोमवार को कहा कि उन्होंने अब तक छह लोगों को गिरफ्तार किया है और आठ लोगों पर हत्या और दंगा करने के आरोप में मामला दर्ज किया है।
पुलिस ने कहा कि हमले का मकसद स्पष्ट नहीं है, जबकि मृतक आसिफ खान के परिवार ने आरोप लगाया कि संदिग्ध खान के जिम के पूर्व सदस्य थे और उनका खान के साथ किसी मुद्दे पर झगड़ा हुआ था। हालांकि, पुलिस ने कहा कि उन्होंने ये नहीं बताया कि झगड़ा किस बात को लेकर था।
इस बीच कुछ स्थानीय लोगों ने दावा किया है कि हमलावरों ने खान पर घातक हमला करने से पहले उसे एक हिंदू धार्मिक नारा लगाने के लिए मजबूर किया था, लेकिन पुलिस ने इन दावों का खंडन किया और कहा कि खान के परिवार की शिकायत में ऐसी किसी घटना का जिक्र नहीं है।

 नूंह में झड़प के दौरान एक व्यक्ति की कथित तौर पर हत्या के बाद से तनाव का माहौल है। डीएसपी हेडक्वार्टर ने कहा, "हमें सूचना मिली है कि खेड़ा खलीलपुर गांव में झड़प हो गई है. आसिफ की मौत हो गई। ये पुरानी दुश्मनी दो 2 गुटों की बात है। 14 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया।"
हालांकि, पुलिस ने कानून-व्यवस्था की स्थिति को बिगड़ने से रोकने के लिए, नूंह में खान के गांव, खेड़ा खलीलपुर और उसके आसपास 100 से ज्यादा सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया है।
पुलिस के मुताबिक खान सोहना में जिम चलाता था। रविवार रात करीब 8 बजे वह अपने चचेरे भाई राशिद और वासिफ के साथ अपनी कार में नूंह से सोहना के लिए निकला।
नूंह के पुलिस अधीक्षक (एसपी) नरेंद्र बिजारनिया ने कहा कि मोटरसाइकिल और कारों पर करीब 15 लोगों ने तीनों का पीछा करना शुरू कर दिया।
उन्होंने कहा कि उन्होंने खान की कार को पीछे से टक्कर मारी और उसे रोकने के लिए मजबूर किया, जिसके बाद उन्होंने खान और उसके चचेरे भाइयों पर नूंह के अट्टा गांव के पास एक प्लाईवुड कारखाने के बगल में बंदूकों और लाठी से हमला किया।
SP ने कहा, "हमले में घायल हुए खान के चचेरे भाई राशिद और वासिफ भागने में सफल रहे, लेकिन हमलावर खान को सोहना के बाहरी इलाके में ले गए। उसका शव उसी रात नगली गांव में मिला था।"
उन्होंने कहा, "दोनों गुट पहले भी भिड़ चुके हैं और इस मसले को सुलझा लिया गया था, लेकिन रविवार को संदिग्धों की संख्या ज्यादा थी और उन्होंने तीनों चचेरे भाइयों पर हमला कर एक को मार डाला।"

Latest news