• Sun, 10 May, 2026
सेकेंड डोज नहीं तो पेट्रोल-डीजल नहीं, मध्य प्रदेश के इस जिले में जारी हुए आदेश

ताज़ा खबरें

Updated Thu, 11 Nov 2021 21:16 IST

सेकेंड डोज नहीं तो पेट्रोल-डीजल नहीं, मध्य प्रदेश के इस जिले में जारी हुए आदेश

ग्वालियरः मध्य प्रदेश में वैक्सीनेशन को लेकर अभियान चलाया जा रहा है. वही प्रदेश के ग्वालियर जिले में वैक्सीन नहीं लगवाने पर सख्ती बरती जा रही है.  ग्वालियर जिला प्रशासन चाहता है कि जिले के शत प्रतिशत लोगों को कोरोना से बचाने के लिए वैक्सीन के दोनों डोज लगवा लेने चाहिए. इसलिए जिला प्रशासन सख्ती बरत रहा है. इसी के चलते प्रशासन ने एक बड़ा फैसला लिया है. 

वैक्सीन नहीं तो पेट्रोल-डीजल नहीं 

दरअसल, ग्वालियर जिले में देखने में आ रहा है कि लोग दूसरा डोज लगवाने में काफी लापरवाही बरत रहे हैं. यही कारण है कि अब ग्वालियर जिला प्रशासन नए-नए तरीके से लोगों को को प्रोत्साहित करने के काम करने में जुटा हुआ है. तो वह सख्ती भी बरत रहा है. ग्वालियर स्वास्थ्य विभाग अब पेट्रोल पंप पर चेकिंग अभियान चलाएगा. इसके साथ ही यह सुनिश्चित करेगा कि जिन लोगों ने वैक्सीन के दोनों डोज लगवा लिए हैं, उन्हीं के लिए पेट्रोल और डीजल दिया जाएगा. जबकि जिन लोगों ने दूसरा डोज लेने में लापरवाही बरती है उन्हें पेट्रोल-डीजल नहीं मिलेगा. 

पेट्रोल पंप संचालकों ने भी दी सहमति 

ग्वालियर जिला प्रशासन के सीएमएचओ डॉ मनीष शर्मा का कहना है कि शहर और जिले के सभी पेट्रोल पंप संचालकों से बात हुई है. जब भी कोई गाड़ी में डीजल पेट्रोल डलवाने आए तो वह पहले कोरोना संक्रमण से बचने के लिए लगाई गई दोनों वैक्सीन का सर्टिफिकेट दिखाएं तभी उसको पेट्रोल दिया जाए. जो लोग बिना वैक्सीन लगवाए पेट्रोल पंप लेने के लिए पहुंचेंगे उन्हें पहले वैक्सीन लगवाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा.  

सीएमएचओ डॉ मनीष शर्मा का कहना है कि इस फैसले को लागू करने के पीछे केवल एक ही मकसद है कि लोग वैक्सीनेशन के प्रति जागरुक हो और जिन लोगों ने पहला डोज लगवा लिया है वह दूसरा डोज भी लगवाए. ताकि कोरोना की संभावित तीसरी लहर को आने से रोका जा सके. 

राशन को लेकर भी है सख्ती 

इससे पहले ग्वालियर जिले के कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने भी सख्ती के निर्देश जारी किए थे. ग्वालियर कलेक्टर ने कहा कि लोगों को दूसरा डोज लगवाने के लिए प्रेरित करने के लिए ग्वालियर जिला प्रशासन ने सभी राशन की दुकानों और अन्य सुविधाएं देने वाले संस्थानों को निर्देशित किया है कि वह अपने-अपने कार्यालयों में बोर्ड टांग कर लोगों को बताएं कि आखिर कब महावैक्सीनेशन अभियान चल रहा है और उन्हें जल्द से जल्द वैक्सीन लगवाना है. गौरतलब है कि ग्वालियर में पहले डोज लगवाने वालों की संख्या लगभग 14 लाख 50 हजार हो गई है जो कुल जनसंख्या का लगभग 90% है. 

7 लाख से ज्यादा लोगों को लगा दूसरा डोज 

वहीं अगर दूसरे डोज की बात करें तो सात लाख 60 हजार लोग अभी तक दूसरा डोज लगवा चुके हैं, लेकिन परेशानी यह है कि तीन लाख पचास हजार लगभग ऐसे लोग हैं, जिनका दूसरा डोज ड्यू हो गया है. ऐसे लोगों को टारगेट करने के लिए प्रशासन अब सख्ती बरतने जा रहा है. अगर यह लोग दूसरा डोज नहीं लगवाते हैं तो प्रशासन उनको मिलने वाली जरूरी सुविधाओं में कमी भी कर सकता है. खास बात यह है कि जो दूसरा डोज नहीं लगवा रहें उनके राशन पर रोक लगाई जा सकती है. जिसके लिए राशन दुकानों को तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं. ग्वालियर में बुधवार को टीकाकरण का महाअभियान चलाया जाएगा.

मध्य प्रदेश में शुरू हो गया वैक्सीनेशन का दूसरा चरण 

दरअसल, मध्य प्रदेश में वैक्सीनेशन का दूसरा चरण शुरू हो चुका है. जिसके तहत लोगों को दूसरा डोज लगाने पर जोर रहेगा. क्योंकि पहले चरण में तेजी से लोगों ने पहला डोज लगवाया था. लेकिन अब दूसरा डोज लगवाने में लोग लापरवाही बरत रहे हैं. ऐसे में सरकार वैक्सीनेशन अभियान में तेजी लाने के लिए दूसरा डोज लगवाने पर जोर दे रही है. 

 

Latest news