• Wed, 17 Dec, 2025
रांची से पटना के लिए एक महीने कोई फ्लाइट नहीं, कई विमानों का समय भी बदला

राज्य

Updated Sun, 28 Mar 2021 13:31 IST

रांची से पटना के लिए एक महीने कोई फ्लाइट नहीं, कई विमानों का समय भी बदला

रांची. झारखंड की राजधानी रांची से हवाई सफर करने वाले यात्रियों के लिए यह खबर काम की है. आज से रांची एयरपोर्ट से उड़ान भरने वाले विमानों के समय में बदलाव किया गया है. अगले एक महीने तक अगर आपको रांची से फ्लाइट से यात्रा करनी है, तो यह खबर जरूर पढ़ें. दरअसल, रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट के रनवे मेंटेनेंस का काम 28 मार्च से शुरू हो गया है. यह अगले 27 अप्रैल तक चलेगा. सबसे खास बात यह है कि अगले एक महीने तक रांची से पटना के लिए बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से कोई विमान नहीं उड़ेगा. ऐसे में बिहार जाने वाले मुसाफिरों को अपनी यात्रा फिर से प्लान करनी पड़ सकती है.

बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर रनवे की फाइनल लेयर बिछाई जानी है. यह काम सुबह 11 बजे से लेकर शाम के 5 बजे तक चलेगा. इस कारण अगले एक महीने तक रांची एयरपोर्ट से उड़ान भरने वाली करीब 6 फ्लाइट्स को सुबह या शाम के लिए रीशेड्यूल कर दिया गया है. रांची एयरपोर्ट के निदेशक विनोद शर्मा ने बताया कि मेंटेनेंस वर्क की वजह से यात्रियों को उड़ान से 3 घंटे पहले हवाई अड्डे पर पहुंचना पड़ेगा. उन्होंने यात्रियों से COVID-19 की सभी गाइडलाइंस का पालन करने की अपील की है.

एयरपोर्ट प्रबंधन के मुताबिक मेंटेनेंस-वर्क की वजह से अगले एक महीने तक रांची से पटना की कोई फ्लाइट नहीं होगी. पटना के लिए अब रांची से 1 मई के बाद ही विमान सेवा शुरू होगी. 28 मार्च से 27 अप्रैल तक रांची से पटना के लिए सीधी विमान सेवा नहीं होगी. वहीं दिल्ली, हैदराबाद, बेंगलुरु और मुंबई समेत अन्य जगहों की फ्लाइट नियमानुसार चलती रहेगी.

मेंटेनेंस कार्य की वजह री-शेड्यूल होने के बाद सुबह 6.45 से 11 बजे तक कुल 14 फ्लाइट्स उड़ान भरेंगी. वहीं शाम 6 बजे से रात 9.15 तक 11 फ्लाइट्स अपने शेड्यूल के अनुसार उड़ेंगी. रांची पहुंचने वाली फ्लाइट भी री-शेड्यूल की गई हैं. आपको बता दें कि आम दिनों में रांची से कुल 20 जोड़ी फ्लाइट उड़ान भरती और लैंड करती हैं.


 

Latest news