राज्य
Updated Thu, 22 Apr 2021 11:47 IST
नासिक की आंखों देखी: लोगों ने लाशों के बीच से निकाले ऑक्सीजन सिलेंडर, ऐसे की अपनों को बचाने की जद्दोजहद
नासिक के जाकिर हुसैन अस्पताल में ऑक्सीजन लीक मामले में लगातार अपडेट आ रहे हैं। घटना के प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक लोग मृतकों के शरीर से ऑक्सीजन निकालकर अपने मरीजों को लगा रहे थे। 23 वर्षीय विक्की जाधव ने बताया कि अस्पताल में ऑक्सीजन लीक हादसे में उनकी 65 साल की दादी सुगंध थोराट की भी मौत हो गई। मीडिया से बातचीत करते हुए विक्की जाधव ने बताया कि गुरुवार की दोपहर जब वह अस्पताल पहुंचे तो उस वक्त उनकी दादी की सांसें चल रही थीं। लेकिन कुछ देर बाद अस्पताल में दर्दनाक हादसा हो गया। अस्पताल परिसर में अफरातफरी का माहौल मच गया। कई लोग मृतकों के शरीर से ऑक्सीजन सिलेंडर निकालकर अपने मरीजों के शरीर में लगा रहे थे, तो कई मरीज खुद ही ऑक्सीजन लगा रहे थे। जब मैंने देखा कि लोग अपने मरीजों को जिंदा रखने के लिए यह काम कर रहे हैं तो मैंने भी दादी के लिए ऑक्सीजन लाने की व्यवस्था की, लेकिन इससे पहले ही दादी की सांस थम चुकी थी।
सिर्फ विक्की जाधव ही अपनी दादी की जान बचाने की कोशिश नहीं कर रहा था। बल्कि वहां मौजूद ज्यादातर लोग अपने लोगों को बचाने में जुटे हुए थे। नितिन वेलुकार ने बताया कि अस्पताल में ऑक्सीजन गैस लीक होने के बाद लोगों ने अपने मरीजों को रिक्शा, ऑटो में डालकर नजदीकी अस्पताल लेकर भाग रहे थे। लेकिन मेरी मां और भाई वार्ड में रह गए। मैं उन्हें नहीं बचा सका। नासिक के डॉक्टर जाकिर हुसैन अस्पताल में ऑक्सीजन टैंक लीक होने से 24 मरीजों की मौत हो गई। जबकि 12 लोग गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती हैं। टैंकर भरने के दौरान यह रिसाव हुआ है। बता दें कि नासिक के डॉक्टर जाकिर हुसैन अस्पताल में ऑक्सीजन टैंक लीक होने से 24 मरीजों की मौत हो गई। जबकि 12 लोग गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती हैं। टैंकर भरने के दौरान यह रिसाव हुआ है।