• Sun, 10 May, 2026
नरेंद्र गिरी मौत मामला: आनंद गिरी की जमानत अर्जी पर कल आएगा फैसला, CBI ने कोर्ट में दी एक और अर्जी

ताज़ा खबरें

Updated Wed, 10 Nov 2021 20:53 IST

नरेंद्र गिरी मौत मामला: आनंद गिरी की जमानत अर्जी पर कल आएगा फैसला, CBI ने कोर्ट में दी एक और अर्जी

प्रयागराज: महंत नरेंद्र गिरी मौत मामले के आरोपी आनंद गिरी की जमानत पर बुधवार को कोर्ट में सुनवाई हुई. कोर्ट में आनंद गिरी और सीबीआई की तरफ से बहस की गई. दोनों पक्षों की बहस सुनने के बाद कोर्ट ने जमानत अर्जी पर फैसला सुरक्षित रख लिया. कोर्ट को बुधवार शाम 5 बजे ही जमानत पर फैसला सुनाना था, लेकिन सीबीआई के अनुरोध पर अब गुरुवार को जमानत पर फैसला सुनाया जाएगा. 

आनंद गिरी का वॉइस रिकॉर्ड करने के लिए CBI ने दाखिल की अर्जी 

बता दें कि मंगलवार को सीबीआई ने जमानत अर्जी के विरोध में काउंटर दाखिल किया था. जिसके बाद आज आनंद गिरी के अधिवक्ता ने सीबीआई के काउंटर का जवाब दाखिल किया. इसके अलावा सीबीआई ने आरोपी आनंद गिरी का वॉइस रिकॉर्ड करने के लिए सीजेएम कोर्ट में अर्जी दी है. सीबीआई की अर्जी पर आनंद गिरी के वकील ने कोर्ट से समय मांगा है. जिसके बाद सीजेएम कोर्ट इस मामले पर 12 नवंबर को सुनवाई करेगी. बता दें कि महंत नरेंद्र गिरी को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में आनंद गिरी 22 सितंबर से नैनी जेल में बंद हैं. 

पहले खारिज हो चुकी है अर्जी 

गौरतलब है कि आनंद गिरि ने इससे पहले भी सीजेएम कोर्ट में दो जमानत अर्जी दाखिल की थी. लेकिन कोर्ट ने आनंद गिरि को जमानत देने से मना कर दिया था. कोर्ट का कहना था कि सीबीआई इस मामले की जांच कर रही है. आनंद, आद्या प्रसाद तिवारी और संदीप तिवारी ज्यूडिशियल कस्टडी में है, लिहाजा जमानत नहीं दी जा सकती. 

 

Latest news