Mon,
11 May, 2026
राज्य
Updated Tue, 6 Apr 2021 9:25 IST
रूपनगर: उत्तर प्रदेश के बाहुबली नेता मुख्तार अंसारी को लेने यूपी पुलिस की टीम रूपनगर (रोपड़) जेल पहुंच गई है। अब थोड़ी ही देर में जेल प्रशासन द्वारा मुख्तार अंसारी को यूपी की बांदा पुलिस टीम के हवाले कर दिया जाएगा। पहले यूपी पुलिस का वज्र वाहन जेल के अंदर गया और इसके बाद एंबुलेंस सहित कई गाडियां अंदर गईं। एंबुलेंस में कई डाॅक्टर भी तैनात हैं। जेल के बाहर बेरिकेटिंग कर दी गई है और मीडिया को जेल के गेट के पास जाने से रोक दिया गया है। जेल के बाहर मीडिया का जमावड़ा लगा हुआ है।
यहां से मुख्तार को यूपी की बांदा जेल ले जाया जाएगा। इससे पहले, बांदा पुलिस की टीम आज तड़के करीब चार बजकर 10 मिनट पर रूपनगर पहुंची। जिस एंबुलेंस में मुख्तार अंसारी को उत्तर प्रदेश की बांदा जेल ले जाया जाएगा। इससे पहले यूपी पुलिस की टीम रोपड़ की पुलिस लाइन में पहुंची।
मुख्तार को यूपी की बांदा पुलिस टीम को सौंपने की प्रक्रिया चल रही है और माना जा रहा है कि थोड़ी देर में उसे उत्तर प्रदेश रवाना किया जाएगा। रूपनगर जिला जेल के बाहर सड़क पर दूर तक बेरिकेट्स लगा दिए गए हैं। पुलिस के जवान पूरे रास्ते में तैनात कर दिए गए हैं।
रूपनगर जिला जेल के बाहर पुजिस की गतिविधियां तेज हो गई हैं। जेल के बाहर सड़क पर बेरिकेट्स लगा दिए गए हैं और पुलिस कक जवान मुस्तैद हो गए हैं। उत्तर प्रदेश की बांदा पुलिस की गाडि़यां अलग-अलग रूपनगर पहुंचीं। पहली गाड़ी करीब तड़के चार बजकर 10 मिनट पर पहुंची। उसके बाद सुबह तक गाडियों के आने का सिलसिला जारी रहा।
मुख्तार अंसारी को जिस एंबुलेंस में ले जाया गया वह भी पहुंच गई है। उसे पहले रूपनगर की पुलिस लाइन ले जाया गया और सारी औपचारिकता पूरी होने के बाद इसे रूपनगर जिला जेल ले जाया जाएगा। वहां से इसमें मुख्तार को ले जाया जाएगा। एंबुलेंस में उत्तर प्रदेश के डॉक्टर भी तैनात हैं।
रूपनगर जिला जेल में उत्तर प्रदेश पुलिस की 7 से 8 गाड़ियां सुबह 4: 10 बजे से अब तक पहुंच चुकी हैं। समझा जा सकता है कि बांदा से काफिला एक साथ नहीं आया। यह अलग अलग रूट से पहुंचा है। अभी भी और गाड़ियों के आने की उम्मीद है।
रूपनगर जिला जेल में बंद गैंगस्टर मुख्तार अंसारी की कोरोना टेस्ट की रिपोर्ट का इंतजार है। उत्तर प्रदेश पुलिस टीम के पहुंचने के बाद अब उसे सौंपने की प्रक्रिया शुरू होने से पहले मुख्तार के कोरोना टेस्ट की रिपोर्ट का इंतजार होगा। अंसारी का दो दिन पहले सैंपल लिया गया था। रूपनगर के एसएमओ पवन कुमार ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीम जेल में गई थी और कई लोगों के सैंपल लिए गए थे।
उधर, रूपनगर-नंगल हाईवे पर रविवार रात नानक ढाबा के बाहर लावारिस मिली उत्तर प्रदेश नंबर की एंबुलेंस की सोमवार को पंजाब और उत्तर प्रदेश की पुलिस ने संयुक्त रूप से जांच की। इस दौरान एंबुलेंस का चेसिस नंबर वही मिला जो वाहन रजिस्ट्रेशन में दर्ज है। रूपनगर के एसएसपी डा. अखिल चौधरी ने कहा कि एंबुलेंस जिला पुलिस की कस्टडी में है और जांच जारी है। जांच में यह बात सामने आई है कि एंबुलेंस बुलेटप्रूफ नहीं है और इसे माडीफाई नहीं करवाया गया है।
इससे पहले उत्तर प्रदेश पुलिस ने आशंका जताई थी कि जिस एंबुलेंस में मुख्तार अंसारी को मोहाली कोर्ट में पेश किया गया है उसे बदलकर किसी और एंबुलेंस को इस तरह ढाबे पर लावारिस छोड़कर मामले को भटकाने का प्रयास किया जा रहा है। यह एंबुलेंस (यूपी 41 एटी 7171) अंसारी को मोहाली कोर्ट में पेश करने के बाद चर्चा में आई थी। श्याम संजीवनी अस्पताल एंड रिसर्च सेंटर व डा. अलका राय, रफिकनगर, तहसील नवाबगंज, बाराबंकी (उत्तर प्रदेश) के नाम पर यह एंबुलेंस रजिस्टर्ड है।
इसका चेसिस नंबर एमएटी460124डीयू01564 दर्ज है। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी से एंबुलेंस की जांच करने पहुंची टीम में शामिल सीओ नवी कुमार ने कहा कि बाराबंकी में इस मामले में केस दर्ज किया गया है। यह एंबुलेंस केस प्रापर्टी है और इसे उत्तर प्रदेश ले जाने के लिए कानूनी प्रक्रिया अपनाई जाएगी। अभी जरूरी सबूत जुटाए जा रहे हैं।







