Sun,
10 May, 2026
ताज़ा खबरें
Updated Sat, 31 Jul 2021 11:14 IST
श्योपुर. मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh News) के श्योपुर जिले में बड़ी अनहोनी का खतरा मंडरा रहा है. भारी बारिश (Heavy Rain) की वजह से यहां का आवदा डैम ओवर फ्लो तो हो ही रहा है, उसमें दरारें भी पड़ गई हैं. इसे लेकर किसान और जनप्रतिनिधि प्रशासन के आगे चिंता जाहिर कर चुके हैं. बार-बार बताने के बावजूद अधिकारी मामले को अनसुना कर रहे हैं. इधर भारी बारिश की वजह से श्योपुर का ग्वालियर और शिवपुरी से संपर्क पूरी तरह कट गया है. गांवों में आवाजाही बंद हो गई है. घरों में पानी घुस गया है.
भारी बारिश की वजह से अपराल नदी भी उफान पर पहुंच गई है. इससे दर्जन भर के करीब गांवों का शहर से संपर्क कट गया है. कई घरों में पानी घुस गया है. ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. तेज बारिश के चलते कूनों नदी में आए उफान के बाद श्योपुर का ग्वालियर और शिवपुरी इलाकों से संपर्क कट गया है. कूनों नदी के दोनों किनारों पर वाहनों की लंबी-लंबी लाइनें लगी हुई हैं. जाम में फंसे हुए यात्री और वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. उधर सोंईकलां को भीखापुर, गिलास, मल्होत्रा, हनुमानखेड़ा, रामबाड़ी, चकडोलापुरा सहित दर्जन भर के करीब गांवों को जोड़ने बाला अमराल नदी पर बना रपटा भी पानी में डूबा हुआ है. नदी का जलस्तर इतना ज्यादा बढ़ गया है कि रपटे पर 8-10 फीट के करीब पानी है.
सीएम-कलेक्टर को लिखा पत्र
प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष रामनिवास रावत डैम में आई दरारों को लेकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और कलेक्टर के नाम पत्र लिख चुके हैं. उन्होंने पत्र में दरारों को दुरुस्त कराने की मांग की है. इसके बाद भी जिम्मेदार अधिकारियों ने कुछ नहीं किया. बता दें, जिले का विशालकाय आवदा डैम स्टेट के समय में बनाया गया था. इस डैम से आवदा से लेकर बड़ौदा इलाके के खेतों की सिंचाई होती है. इसके देखरेख और मेंटेनेंस की जिम्मेदारी सिंचाई विभाग की है. लेकिन, विभाग के अधिकारी डैम में आई कई दरारों को देखने के बाद भी मरम्मत नहीं करा रहे.
गौरतलब है कि इन दरारों से पानी का रिसाव होने लगा है. दूसरी ओर, भारी बारिश की वजह से डैम ओवरफ्लो भी है. लोगों को आशंका है कि कहीं डैम में आई दरारों की वजह से दीवार न टूट जाए. अगर ऐसा हुआ तो आफत आ जाएगी. इसे लेकर समाजसेवी नीरज जाट का कहना है कि आवदा डैम की दीवारों में दरारें आ गई हैं. इससे कभी भी कोई भी अप्रिय घटना हो सकती है. अधिकारियों को इसे गंभीरता से लकर दरारों की मरम्मत करानी चाहिए ताकि, डैम को किसी भी तरह का नुकसान न हो. इस मामले को लेकर न्यूज 18 ने जिला प्रशासन के आला अधिकारियों से लेकर सिंचाई विभाग के अधिकारियों से भी बात करने की कोशिश की लेकिन, उनसे बात नहीं हो सकी है.







