Mon,
11 May, 2026
राज्य
Updated Tue, 6 Apr 2021 8:54 IST
स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से सोमवार को जानकारी दी गई है कि देश में अब तक आठ करोड़ से ज्यादा लोगों को टीका लगाया जा चुका है। इस खतरनाक वायरस पर काबू पाने के लिए सभी राज्य में हर स्तर पर एहतियाती कदम उठा रहे हैं क्योंकि देश में कोरोना के बढ़ते मामलों ने केंद्र सरकार और राज्य सरकारों की चिंता बढ़ा दी है। वहीं टीकाकरण में और तेजी लाने के लिए प्रधानमंत्री मोदी ने रविवार को अधिकारियों के साथ एक बैठक भी की थी। मिली जानकारी के मुताबिक पीएम मोदी 8 अप्रैल को भी एक बार फिर टीकाकरण के मुद्दे पर ही सभी मुख्यमंत्रियों से बात करेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों से कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों और इसके खिलाफ जारी टीकाकरण से जुड़े मुद्दों पर बातचीत करेंगे। राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ पीएम मोदी की ये बैठक गुरुवार शाम को 6.30 बजे होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हफ्तेभर के अंदर दूसरी बैठक करने जा रहे हैं जिससे कोरोना के बढ़ते मामलों को लेकर केंद्र सरकार की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
बता दें कि अभी एक दिन पहले ही यानी कि 4 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोरोना के बढ़ते मामलों को लेकर एक उच्चस्तरीय बैठक बुलाई थी, जिसमें उन्होंने कहा था कि कोविड-19 के हालिया संक्रमण के दौर से निपटने के लिए राज्यों को कड़े और व्यापक कदम उठाने होंगे। पीएम मोदी ने पांच स्तरीय रणनीति टेस्टिंग, ट्रेसिंग, ट्रीटमेंट, कोविड व्यवहार और टीकाकरण को गंभीरता और प्रतिबद्धता से लागू करने का सुझाव भी दिया था और अब इसकी गंभीरता के चलते 8 अप्रैल की राज्यों के सीएम से चर्चा करेंगे।
इस बीच खबर है कि मध्यप्रदेश के सागर में एक 118 वर्षीय बुजुर्ग महिला ने अपनी कोरोना वैक्सीन का पहला टीका लगवाया। वहीं सोमवार को भारत में एक दिन में कोरोना वायरस के अब तक के सबसे अधिक यानी 1,03,558 नए मामले सामने आये हैं और इसके साथ ही देश में संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 1,25,89,067 हो गई है। आंकड़ों के अनुसार देश में कोरोना वायरस के फैलाब के बाद से पिछले साल 17 सितंबर को एक दिन में सबसे अधिक यानी 97,894 नए मामले सामने आए थे।







