• Sun, 10 May, 2026
बाड़मेर में बस और टैंकर के बीच भीषण टक्कर, लगी आग; जिंदा जलकर 5 लोगों की मौत

ताज़ा खबरें

Updated Wed, 10 Nov 2021 12:52 IST

बाड़मेर में बस और टैंकर के बीच भीषण टक्कर, लगी आग; जिंदा जलकर 5 लोगों की मौत

बाड़मेर: राजस्थान के बाड़मेर में भीषण सड़क हादसे के बाद आग लगने का मामले सामने आया है. बाड़मेर जिले के पचपदरा थाना क्षेत्र के जोधपुर हाईवे पर भांडियावास के पास बुधवार को एक बस और ट्रेलर की भीषण भिड़ंत (Bus and Tanker Collision in Barmer) हो गई, जिसके बाद बस में आग लग गई और हादसे में 5 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई. हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़ भी सकती है.

दो दर्जन लोग आग से झुलसे

हादसा इतना भयानक था कि हादसे में करीब दो दर्जन लोग आग से झुलस गए. घायलों को बालोतरा के नाहटा अस्पताल में भर्ती करवाया है, जहां उनका इलाज चल रहा है. घटना की जानकारी मिलते ही पचपदरा थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंची. रेस्क्यू टीम ने आग पर काबू पा लिया और लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है.

हाईवे के दोनों तरफ लगा लंबा जाम

घटना की जानकारी के बाद संभागीय आयुक्त राजेश शर्मा, बाड़मेर जिले के प्रभारी मंत्री सुखराम बिश्नोई और पचपदरा विधायक मदन प्रजापत मौके पर पहुंचे. वही बाड़मेर जिला कलेक्टर लोक बंधु और पुलिस अधीक्षक दीपक भार्गव भी जिला मुख्यालय से मौके के लिए रवाना हुए हैं. हादसे के बाद हाईवे के दोनों तरफ वाहनों का लंबा जाम लग गया और वहीं लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई.

बस में कुछ और लोगों के फंसे होने की आशंका

बताया जा रहा है कि बस और टैंकर की टक्कर होते ही बस में आग लग गई और इस वजह से बस में सवार लोग उसी में फंस गए. कुछ लोग खिड़की तोड़कर बाहर निकल आए, जबकी ज्यादातर लोग अंदर ही फंस गए. पुलिस लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन कर पता लगाने में जुटी हुई है कि बस में अभी तक कितनी सवारियां फंसी हुई है.

 

Latest news