Sun,
10 May, 2026
ताज़ा खबरें
Updated Wed, 11 Aug 2021 16:20 IST
किन्नौर. हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले के निगुलसेरी में नेशनल हाईवे-5 पर चील जंगल के पास चट्टानें गिरने (Landslide in Kinnaur) से बड़ा हादसा हो गया है. ताजा जानकारी के मुताबिक किन्नौर प्रशासन ने हादसे में एक व्यक्ति के मौत की पुष्टि की है, जबकि 9 लोगों के घायल होने की खबर है. इस हादसे में एचआरटीसी बस (HRTC Bus) के चपेट में आने की सूचना है, जिसके कारण 40 से ज्यादा लोगों के मलबे में फंसने की आशंका है. बताया जा रहा है कि चट्टानें गिरने से एचआरटीसी बस मलबे में दब गई है.
किन्नौर जिले में मूरंग-हरिद्वार रूट की यह बस है. वहीं, चट्टानें गिरने से कई वाहन मलबे में दब गए हैं. सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर रवाना हो गई है. जबकि एनडीआरएफ (NDRF) और सेना को भी बुलाया गया है. यही नहीं, इस बड़े हादसे के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हिमाचल सीएम जयराम ठाकुर से न सिर्फ बात करके घटना की जानकारी ली है बल्कि हर संभव मदद का भरोसा दिया है.
प्रशासनिक जानकारी के अनुसार, बस के ड्राइवर ने हादसे के बाद घटना स्थल से जानकारी दी है कि बस में 35 से 40 लोग सवार थे. किन्नौर के भावानगर के पास यह घटना हुई है. बस सड़क से दूर दूर तक नहीं दिख रही है. वहीं, मलबे में करीब 50 लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है, क्योंकि इस हादसे का शिकार कई अन्य वाहन भी हुए हैं.
शिमला में विधानसभा के परिसर के बाहर सीएम जयराम ठाकुर ने घटना की पुष्टि की है. उन्होंने कहा कि सिर्फ जानकारी मिली है. बस के अलावा कुछ गाड़ियां भी दबीं हैं.
किन्नौर में पहले भी हो चुका है हादसा
बता दें कि इससे पहले किन्नौर के सांगला-छितकूल मार्ग पर 25 जुलाई को बड़ा लैंडस्लाइड हुआ था.यहां पहाड़ से पत्थर गिरने से एक टूरिस्ट वाहन चपेट में आ गया था. इसमें 9 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि तीन लोग घायल हो गए थे. बता दें कि हिमाचल में भारी बारिश के चलते लगातार भूस्खलन हो रहा है.







