• Mon, 11 May, 2026
शादी में बाधा बन रहा था काका-भतीजी का रिश्ता तो प्रेमी जोड़े ने एक ही रस्सी से फंदा लगाकर दी जान

राज्य

Updated Sun, 2 May 2021 17:57 IST

शादी में बाधा बन रहा था काका-भतीजी का रिश्ता तो प्रेमी जोड़े ने एक ही रस्सी से फंदा लगाकर दी जान

मध्य प्रदेश के खंडवा क्षेत्र के मूंदी थाना क्षेत्र के जामनिया टांडा इलाके में उस वक्त सनसनी फैल गई जब प्रेमी जोड़े का शव एक ही रस्सी से पेड़ पर लटका मिला। दोनों प्यार तो कर बैठे और शादी भी करना चाहते थे, लेकिन काका-भतीजी का रिश्ता इसमें बाधा बन गया। 

परिवार से शादी की अनुमति मिलना मुश्किल लग रही थी, इसलिए इस जोड़े ने दुनिया को हमेशा के लिए अलविदा कह दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। लेकिन परिजनों के बयान के बाद ही पूरा मामला सामने आएगा। 

जानकारी के अनुसार 22 वर्षीय सुनील भिलाला व 18 वर्षीय रीना निवासी जामनिया माली टांडा के बीच कुछ समय से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। दोनों ही एक-दूसरे से शादी करना चाहते थे। इस बीच प्यार में काका-भतीजी का रिश्ता बाधक बन गया और परिजन की रजामंदी मिलना मुश्किल थी। इसलिए दोनों ने एक साथ मरने का फैसला किया और एक ही रस्सी से दो फंदे बनाकर पेड़ पर लटक गए। 

शुक्रवार करीब 9 बजे जामनिया टांडा से 7 किमी दूरी पर ग्राम मोहद स्थित खेत में मृतक सुनील की बाइक खड़ी दिखाई दी। कुछ ही दूरी पर एक पेड़ पर सुनील और रीना रस्सी के फंदे पर लटके हुए दिखाई दिए। सुनील अपने परिजन के साथ मोहद में बटाई पर खेती करता था। खेत में ही टपरा बनाकर रहते थे। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार दोनों के बीच प्रेम-प्रसंग था। 

मृतक सुनील के बड़े भाई सुखलाल व मृतका रीना के भाई संतोष सालम ने बताया बुधवार को दोनों साथ में रिश्तेदार के घर ग्राम भमोरी शादी में गए थे। शाम को दोनों बाइक से वापस मूंदी आए। गुरुवार को फोन से भी संपर्क किया था। शुक्रवार सुबह दोनों के पेड़ पर लटकने की जानकारी मिली। परिजन ने कहा कि समझ नहीं आ रहा आखिर ऐसा क्यों किया। इस संबंध में हमारे सामने कोई बात भी नहीं रखी। 

बीड़ पुलिस चौक प्रभारी मजहर खान ने कहा कि युवक-युवती रिश्ते में काका-भतीजी है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि दोनों एक-दूसरे से प्यार करते थे। फिलहाल परिजन के बयान के बाद पूरी कहानी सामने आ जाएगी। मृतकों के शव आम के पेड़ पर लटके हुए थे। जिन्हें पुलिस द्वारा उतारकर पंचनामा बनाने के बाद पोस्टमार्टम कराया गया। मामला सामूहिक आत्महत्या का है।

 

Latest news