• Sun, 10 May, 2026
झारखंड : आपस में भिड़े नक्सली, एरिया कमांडर की मौत का दावा, भारी असलहा बरामद

ताज़ा खबरें

Updated Thu, 12 Aug 2021 14:48 IST

झारखंड : आपस में भिड़े नक्सली, एरिया कमांडर की मौत का दावा, भारी असलहा बरामद

पलामू. झारखंंड के नक्सल प्रभावित ज़िले के रामगढ़ प्रखंड स्थित कोकुड़ जंगल में नक्सली संगठन जेजेएमपी के लोगों के बीच आपस में ही मुठभेड़ हो गई. इस मुठभेड़ के बाद संगठन के एरिया कमांडर के मारे जाने का दावा किया जा रहा है तो एक अन्य नक्सली के घायल होने की जानकारी है. हालांकि पुलिस की खोजबीन में कोई शव बरामद नहीं हुआ है लेकिन पुलिस को हथियारों और असलहे का जखीरा ज़रूर मिला है. पुलिस ने एक स्पेशल ट्रेनिंग वाली टीम को सर्चिंग अभियान में लगा दिया है.
पुलिस के दावों की मानें तो जेजेएमपी के अपने सदस्यों के बीच ही मुठभेड़ हुई. इस मुठभेड़ में जेजेएमपी के एरिया कमांडर रामसुंदर राम के मारे जाने की खबर है. पुलिस का कहना है कि एक और घायल नक्सली को उसके साथी उठाकर ले गए. सर्च ऑपरेशन में मारे गए नक्सली का शव बरामद नहीं हुआ. शव को बरामद करने के लिए पुलिस लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है. पुलिस का अनुमान है कि नक्सली शव को भी अपने साथ ले गए हैं.

 

QAT टीम कर रही है सर्च ऑपरेशन
सर्च ऑपरेशन के दौरान QAT की टीम ने हथियारों का जखीरा बरामद किया है, जिसमें दो इनसास राइफल, एक एसएलआर राइफल और एक थ्री नॉट थ्री राइफल बरामद की गई है. साथ ही भारी मात्रा में कारतूस भी पुलिस ने ज़ब्त किए. एसपी चंदन सिन्हा ने बताया कि गुरुवार से लगातार सर्च ऑपरेशन इस क्षेत्र में चलाया जाएगा. सर्च और नक्सल ऑपरेशन के लिए पलामू पुलिस ने एनएसजी की तर्ज पर QAT यानी क्विक एक्शन टीम बनाई है. यह नक्सल ऑपरेशन के लिए विशेष तौर पर ट्रेंड यही टीम सर्च ऑपरेशन को अंजाम दे रही है.

 

Latest news