एनएचएआई के परियोजना निदेशक अजय कुमार रजक ने कहा कि ठंडी खुई टोल प्लाजा का दर्जा बढ़ाया जाना है। नई दिल्ली-अमृतसर-कटड़ा एक्सप्रेस हाईवे पर काम तेजी से शुरू हो चुका है। ठंडी खुई टोल प्लाजा जम्मू पठानकोट नेशनल हाईवे को कवर कर रहा है। ऐसे में दोनों हाईवे को एक ही टोल प्लाजा कवर करे, इसके लिए नए स्थान पर टोल प्लाजा को शिफ्ट किया जाएगा।
हालांकि, मौजूदा समय में ठंडी खुई टोल प्लाजा से बहुत ज्यादा दूर नया टोल प्लाजा नहीं होगा। उसके आसपास के क्षेत्र में ही कहीं नया टोल प्लाजा स्थापित किया जाएगा। कोशिश होगी कि ऐसा स्थान का चयन किया जाएं जिसमें दोनों हाईवे कवर होने के साथ-साथ कोई भी वाहन चकमा देकर टोल दिए बिना किसी और रास्ते से भी गुजर न पाए।
अजय कुमार रजक ने बताया कि एक्सप्रेस हाईवे का काम तेज गति से चले, इसके लिए हर पंद्रह दिन में एक बार संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक होगी। इसमें बिजली, वन, पीएचई, सड़क एवं भवन निर्माण विभाग, जिला प्रशासन व अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी शामिल होंगे।