• Sun, 10 May, 2026
15 दिसंबर से शुरू हो जाएंगी अंतरराष्ट्रीय उड़ानें, 14 देशों पर लगा रहेगा बैन

ताज़ा खबरें

Updated Fri, 26 Nov 2021 18:44 IST

15 दिसंबर से शुरू हो जाएंगी अंतरराष्ट्रीय उड़ानें, 14 देशों पर लगा रहेगा बैन

नई दिल्ली: एक लंबे इंतजार के बाद अब एक बार फिर से नियमित रूप से अंतरराष्ट्रीय उड़ानें जल्द शुरू हो सकती हैं. सूत्रों के अनुसार सरकार 15 दिसंबर से रेगुलर बेस पर अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की अनुमति दे सकती है. हालांकि उन देशों के लिए उड़ानों पर प्रतिबंध जारी रहेगा जहां कोरोना वायरस का संक्रमण  अभी भी फैला हुआ है. इससे पहले बुधवार को नागरिक उड्डयन मंत्रालय (Ministry of Civil Aviation) की तरफ से भी अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को लेकर एक बड़ा ऐलान किया गया था.

सूत्रों ने कहा कि लगभग 14 ऐसे देश हैं जो उड़ानों के शुरू होने का इंतजार कर रहे थे वहां कोरोना के मामलों के फिर से बढ़ने की वजह से उन सभी देशों में अभी भी प्रतिबंध लागू रहेगा. प्रतिबंधित देशों की लिस्ट में यूरोपीय संघ और कुछ अन्य देश भी शामिल हैं जहां कोरोना के नए संस्करण का पता चला है. सरकार की तरफ से पहले ही कहा जा चुका है कि इस साल के अंत तक कोविड की वजह से उड़ानों पर लगा प्रतिबंध हटा लिया जाएगा.

नागरिक उड्यन मंत्रालय ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को शुरू करने से पहले अलग अलग देशों में कोरोना के जोखिम के आधार पर तीन श्रेणियां बनाई जाएंगी. मंत्रालय के अनुसार इस श्रेणी में शामिल देशों के लिए अलग अलग कोविड प्रतिबंध लागू किए जाएंगे.

पर्यटन उद्योग बना रहा सरकार पर दबाव
बता दें कि निर्धारित अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर प्रतिबंध मार्च 2020 से लागू है. अब सरकार कोविड की स्थिति को भांपते हुए धीरे धीरे उड़ानों से प्रतिबंध हटाने पर फैसला ले रही है. इस बीच पर्यटन उद्योग पर सरकार पर उड़ानों से प्रतिबंध हटाने का दबाव बना रही है. पर्यटन उद्योग ने उन देशों के लिए उड़ानें शुरू करने का अनुरोध किया है जहां कोरोना नियंत्रण में है.

सरकार ने पहले पर्यटन उद्योग को बढ़ावा देने के लिए 15 अक्टूबर से चार्टर्ड प्लेन से पर्यटकों को आने की अनुमति दी थी और इसके बाद 15 नवंबर से अंतराष्ट्रीय उड़ानें शुरू करने का ऐलान किया था. हालांकि यूरोप और कई देशों में कोरोना संक्रमण के दोबारा रफ्तार पकड़ने की वजह से उड़ानें शुरू नहीं हो सकी थीं.

 

Latest news