• Sun, 10 May, 2026
IND VS ENG: टीम इंडिया सावधान! पाकिस्तान को 'शर्मसार' करने वाला गेंदबाज इंग्लैंड की टीम में शामिल

ताज़ा खबरें

Updated Wed, 11 Aug 2021 16:34 IST

IND VS ENG: टीम इंडिया सावधान! पाकिस्तान को 'शर्मसार' करने वाला गेंदबाज इंग्लैंड की टीम में शामिल

नई दिल्ली. भारत और इंग्लैंड के बीच दूसरा टेस्ट (India vs England, 2nd Test) गुरुवार से लॉर्ड्स (Lords Test) में शुरू हो रहा है. दूसरे मुकाबले से एक दिन पहले इंग्लैंड की टीम ने बड़ा फैसला लेते हुए एक और तेज गेंदबाज को कवर के तौर पर शामिल किया गया है. लैंकशायर के लिए खेलने वाले साकिब महमूद इंग्लिश टीम से जुड़े हैं. दरअसल मंगलवार को ट्रेनिंग सेशन के दौरान स्टुअर्ट ब्रॉड (Stuart Broad) चोटिल हो गए हैं, उनकी पिंडली की मांसपेशियों में चोट लगी है और इसीलिए एहतियातन इंग्लैंड ने साकिब महमूद  (Saqib Mahmood) को टीम से जोड़ा है.

साकिब महमूद (Saqib Mahmood) वही गेंदबाज हैं जिन्होंने पिछले महीने पाकिस्तान (Pakistan Cricket Team) के खिलाफ वनडे सीरीज में कमाल का प्रदर्शन किया था. साकिब महमूद ने 3 मैचों की वनडे सीरीज में सबसे ज्यादा 9 विकेट चटकाए थे. साकिब महमूद के इस प्रदर्शन के दम पर इंग्लैंड ने पाकिस्तान को 3-0 से करारी मात दी थी. बता दें इस सीरीज से ठीक पहले इंग्लैंड की टीम में कोरोना के मामले पाए गए थे जिसके बाद पूरी टीम को रातों-रात बदल दिया गया था. इंग्लैंड अपनी बी टीम लेकर पाकिस्तान के खिलाफ उतरी थी और इसके बावजूद पाकिस्तान शर्मनाक तरीके से हार गया था. इंग्लैंड की सीरीज जीत में साकिब महमूद का अहम योगदान था और उन्होंने बाबर आजम को भी आउट किया था.

 

साकिब महमूद की ताकत

साकिब महमूद के पास ज्यादा गति नहीं है, उनकी औसतन रफ्तार 130 से 135 किमी. प्रति घंटा है लेकिन ये गेंदबाज स्विंग कराना जानता है. खासतौर पर अपनी आउट स्विंग से साकिब महमूद बल्लेबाजों को काफी ज्यादा तंग करते हैं. भारत के कई दिग्गज बल्लेबाजों की यही कमजोरी है जिसमें विराट कोहली भी शामिल हैं. साकिब महमूद ने अबतक 22 फर्स्ट क्लास मैचों में 65 विकेट चटकाए हैं, हालांकि वो इंग्लैंड के लिए अभी वनडे और टी20 क्रिकेट ही खेले हैं.

 
महमूद ने 7 वनडे मैचों में 14 और 8 टी20 पारियों में 7 विकेट लिये हैं. साफ है साकिब महमूद ने अबतक अच्छा प्रदर्शन किया है और वो टेस्ट फॉर्मेट के लिए भी तैयार दिखाई देते हैं. वैसे दूसरे टेस्ट के लिए इंग्लैंड ने मोइन अली को भी टीम से जोड़ा है. ऐसे में तय माना जा रहा है कि इंग्लिश टीम कम से कम दो बदलावों के साथ लॉर्ड्स में उतरने वाली है.

 
 

Latest news