• Mon, 11 May, 2026
अंधेरी रात में अंजान शख्स ने किया नमस्कार, फिर सिपाही को मार दी गोली

राज्य

Updated Mon, 26 Apr 2021 21:44 IST

अंधेरी रात में अंजान शख्स ने किया नमस्कार, फिर सिपाही को मार दी गोली

अयोध्या. मर्यादा पुरुषोत्तम राम की नगर में पुलिस आपराधिक घटनाओं पर लगाम नहीं लगा पा रही है. मामला मोतीगंज चौकी के पास का है, जहां नाइट ड्यूटी पर तैनात एक सिपाही को कुछ बदमाशों ने गोली मार दी. गोली लगने से गंभीर रूप से जख्मी सिपाही को पहले अयोध्या जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे लखनऊ रेफर कर दिया गया. बताया गया कि सिपाही जितेंद्र सिंह नाइट ड्यूटी के दौरान गश्त लगा रहा था. इसी दौरान पीछे से बाइक सवार बदमाश आए. बदमाशों ने पहले सिपाही को नमस्ते कहा और फिर अचानक उस पर गोली चला दी.

जानकारी के मुताबिक बीकापुर कोतवाली के मोतीगंज चौकी में तैनात सिपाही पेट में गोली लगते ही गिर पड़ा. इसके बाद बदमाश वहां से भाग निकले. बाद में किसी तरह पुलिस को खबर पहुंची तो सिपाही जितेंद्र सिंह को जिला अस्पताल ले जाया गया. गंभीर हालत में लाए गए सिपाही का प्राथमिक उपचार करने के बाद डॉक्टरों ने उसे लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया.

पुलिस के मुताबिक मोतीगंज चौकी से लगभग डेढ़ किलोमीटर आगे जासरपुर गांव में यह घटना हुई. चौकी के अन्य पुलिसवालों ने कहा कि जितेंद्र सिंह बाइक से रात्रि गश्ती कर रहा था. इसी दौरान बदमाशों ने उसके पेट में गोली मार दी. गोली लगने से वह बाइक समेत नीचे गिर पड़ा. जितेंद्र सिंह ने साथी पुलिसवालों को बताया कि बदमाश अचानक पीछे से पहुंचे और बाइक खड़ी कर बहस करने लगे. सिपाही के साथ कहासुनी के दौरान ही उन्होंने गोली चला दी.
बहरहाल, सिपाही को गोली लगने की घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाल नीरज ओझा और एसआई वीर सिंह मौके पर पहुंचे और जितेंद्र को जिला अस्पताल ले गए, जहां से उसे लखनऊ रेफर कर दिया गया. एसपी ग्रामीण ने बताया कि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. संदिग्ध हमलावरों की तलाश शुरू कर दी गई है. बदमाश कौन थे, अभी इसकी पहचान नहीं हो पाई है. सभी संभावित ठिकानों पर इसके लिए छापेमारी की जा रही है. पुलिस घटना के हर पहलू की जांच कर रही है.

 

Latest news