• Sun, 10 May, 2026
दिल्ली में कोरोना से हर रोज सैकड़ों मौतें, North MCD ने श्मशान घाटों पर बढ़ाए दाह संस्कार प्लेटफार्म

राज्य

Updated Fri, 14 May 2021 23:55 IST

दिल्ली में कोरोना से हर रोज सैकड़ों मौतें, North MCD ने श्मशान घाटों पर बढ़ाए दाह संस्कार प्लेटफार्म

नई दिल्ली. दिल्ली में कोरोना (Corona) संक्रमित मरीजों की संख्या अब धीरे-धीरे घट रही है. हालांकि मौतों का आंकड़ा थमता नजर नहीं आ रहा है. दिल्ली में पिछले 24 घंटे में 289 लोगों ने कोरोना की वजह से अपनी जान गंवाई है. वहीं अब तक दिल्ली में मौतों का आंकड़ा 20,907 को पार कर गया है. इसके चलते दिल्ली नगर निगम (Municipal Corporation of Delhi) भी अपने श्मशान घाट पर व्यवस्थाओं को बढ़ाने में जुटी हुई है.
नॉर्थ दिल्ली के मेयर जय प्रकाश ने बताया कि नॉर्थ दिल्ली नगर निगम (North MCD) ने अपने तीन अस्पतालों में कोरोना मरीजों के उपचार के लिए लगभग 500 बेड की सुविधा विकसित कर ली है.
उन्होंने बताया कि निगम सुश्री गिरधर लाल मातृत्व अस्पताल में बच्चों के लिए कोविड अस्पताल (COVID Hospital) की सुविधा विकसित करने पर गंभीरता से विचार कर रही हैं.
तिमारपुर स्थित बालक राम अस्पताल में ऑक्सीजन की कमी को पूरा करने के लिए ऑक्सीजन कंसंट्रेटर युक्त एक बस लगाई गई है, जिसे जरूरत पड़ने पर अन्य स्थानों पर भी भेजा जा सकता है. यह बस अरण्य फाउंडेशन द्वारा उपलब्ध कराई गई है.
मेयर ने कहा कि कोरोना मरीज जरूरी नहीं कि सब ठीक हो जाएं, उनमें से कुछ अपना जीवन खो देते है. उनके दु:खद निधन को देखते हुए नॉर्थ एमसीडी अपने अधिकार क्षेत्र में अतिरिक्त दाह संस्कार/ दफन सुविधाएं विकसित कर रही है ताकि अंतिम संस्कार विधिवत रूप से किया जा सके.
नॉर्थ निगम ने 15 अप्रैल, 2021 की दाह संस्कार की क्षमता 230 को बढ़ाकर 603 तक कर दिया है, हालांकि एक सप्ताह के समय में यह क्षमता 500 से अधिक हो गई थी.
आयुक्त संजय गोयल ने बताया कि कुल 603 दाह संस्कार सुविधाओं में से 549 लकड़ी के साथ अंतिम संस्कार की सुविधाएं हैं जबकि शेष 54 सीएनजी सुविधा हैं. उन्होंने बताया कि इन सुविधाओं में से 445, कोविड रोगियों के लिए समर्पित हैं जिनमें सभी 54 सीएनजी सुविधाएं शामिल हैं. इसलिए, शेष 158 सुविधाएं गैर कोविड मृत्यु के लिए हैं.
मेयर जय प्रकाश ने कहा कि मंगोलपुरी में नव विकसित कब्रिस्तान में मुसलमानों के लिए 150 और ईसाइयों के लिए 60 कब्रों के लिए जगह भी विकसित की गई है.

जय प्रकाश ने बताया कि इसके अलावा श्मशान घाटों/कब्रिस्तानों तक शव वाहन सुविधा के लिए ईशा फाउंडेशन ने किराया पर पांच शव वाहन लेकर नॉर्थ निगम को मुफ्त सेवा प्रदान करने के लिए दिए है. ये सभी वाहन विभिन्न श्मशान घाटों पर तैनात हैं जिनकी जानकारी निगम की वेबसाइट mcdonline.nic.in पर उपलब्ध है.

यह सुविधा अस्पतालों/कोविड केयर केंद्र/होम आइसोलेशन से श्मशान/कब्रिस्तान तक कोविड 19 (COVID 19) मरीजों के शवों को ले जाने के लिए उपलब्ध है. अब नॉर्थ निगम के पास कुल 13 शव वाहनों की सुविधा उपलब्ध है. 

Latest news