Sun,
10 May, 2026
ताज़ा खबरें
Updated Thu, 5 Aug 2021 10:22 IST
नई दिल्ली:
टोक्यो में जारी ओलिंपिक 2020 खेलों में गुरुवार को भारत ने 41 साल का सूखा खत्म करते हुए जर्मनी को हराकर कांस्य पदक जीत लिया है. भारत की पुरुष हॉकी टीम ने जर्मनी को 5-4 से हराकर कांस्य पदक अपने नाम किया. इस जीत से पूरे देश में खुशी का माहौल है. राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi), लोकसभा स्पीकर ओम बिरला समेत देश की विभिन्न शख्सियतों ने भारत की हॉकी मेन्स टीम को जीत के लिए बधाई दी है. प्रधानमंत्री ने कहा कि पूरे देश को अपनी हॉकी टीम पर गर्व है.
राष्ट्रपति भवन की ओर से किए गए ट्वीट में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा, "हमारी पुरुष हॉकी टीम को 41 साल बाद हॉकी में ओलंपिक पदक जीतने के लिए बधाई. टीम ने जीतने के लिए असाधारण कौशल, लचीलापन और दृढ़ संकल्प दिखाया. यह ऐतिहासिक जीत हॉकी में एक नए युग की शुरुआत करेगी और युवाओं को खेल में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी."
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पुरुष हॉकी में भारत की जीत के बाद कहा, "ऐतिहासिक! यह एक ऐसा दिन जो हर भारतीय की यादों में बसा रहेगा. कांस्य पदक जीतने के लिए हमारी पुरुष हॉकी टीम को बधाई. इस उपलब्धि के साथ, उन्होंने पूरे देश खासकर हमारे युवाओं की कल्पनाओं को कैप्चर कर लिया है. भारत को अपनी हॉकी टीम पर गर्व है."







