• Sun, 10 May, 2026
दक्षिण अफ्रीकी वैरिएंट पर जीनोमिक्स कंसोर्टियम की पैनी नजर, फिर कोरोना के नए मामले 10 हजार के पार, भारतीय विशेषज्ञों ने दी यह सलाह

ताज़ा खबरें

Updated Fri, 26 Nov 2021 20:47 IST

दक्षिण अफ्रीकी वैरिएंट पर जीनोमिक्स कंसोर्टियम की पैनी नजर, फिर कोरोना के नए मामले 10 हजार के पार, भारतीय विशेषज्ञों ने दी यह सलाह

नई दिल्ली। दक्षिण अफ्रीका में पाए गए कोरोना के नए वैरिएंट को लेकर दुनिया के तमाम मुल्‍कों ने सावधानी बरतनी शुरू कर दी है। केंद्र सरकार ने भी इस वैरिएंट को लेकर राज्‍यों से खास सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। भारतीय SARS-CoV-2 जीनोमिक्स कंसोर्टियम B.1.1.1.529 नाम के COVID-19 के नए वैरिएंट पर बारीकी से नजर रख रहा है। राहत की बात यह है कि इस वैरिएंट का देश में अभी तक पता नहीं चला है। वहीं विशेषज्ञों का कहना है कि नया वैरिएंट अधिक संक्रामक है। ऐसे में सभी लोगों का टीकाकरण सबसे महत्वपूर्ण मसला है।

देश में कोरोना की स्थिति

24 घंटे में नए मामले 10,549

कुल सक्रिय मामले 1,10,133

24 घंटे में टीकाकरण 83.61 लाख

कुल टीकाकरण 120.89 करोड़

वहीं दूसरी ओर देश में कोरोना संक्रमण के नए मामले फिर 10 हजार को पार कर गए हैं। पिछले तीन-चार दिनों से संक्रमण के नए मामले 10 हजार से कम मिल रहे थे। सक्रिय मामलों में भी मामूली वृद्धि हुई है, और वर्तमान में सक्रिय माले बढ़कर 1.10 लाख से ज्यादा हो गए हैं जो कुल मामलों का 0.32 प्रतिशत है। हालांकि केरल को छोड़कर पूरे देश में हालात नियंत्रण में हैं।

शुक्रवार सुबह 08:00 बजे तक कोरोना की स्थिति

नए मामले 10,549

कुल मामले 3,45,55,431

सक्रिय मामले 1,10,133

मौतें (24 घंटे में) 488

कुल मौतें 4,67,468

ठीक होने की दर 98.33 प्रतिशत

मृत्यु दर 1.35 प्रतिशत

पाजिटिविटी दर 0.89 प्रतिशत

सा.पाजिटिविटी दर 0.89 प्रतिशत

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से शुक्रवार सुबह आठ बजे अपडेट किए गए आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटे में देश में 488 लोगों की जान भी गई है। इनमें से अकेले केरल से 384 मौतें हैं। केरल में पहले हुई मौतों को नए आंकड़ों के साथ जोड़कर जारी किया जा रहा है, इसलिए आंकड़े बढ़े नजर आ रहे हैं वैसे प्रतिदिन होने वाली मौतों की संख्या वहां भी कम ही है।

देश में अब तक 120.89 करोड़ टीके लगाए गए

कोविन पोर्टल के शाम छह बजे के आंकड़ों के मुताबिक देश में कोरोना रोधी वैक्सीन की अब तक 120.89 करोड़ डोज लगाई जा चुकी हैं। अब तक 77.89 करोड़ लोगों को पहली डोज दी जा चुकी हैं जिनमें से 42.90 करोड़ लोगों को दूसरी डोज भी दी जा चुकी है यानी उनका पूर्ण टीकाकरण हो गया है।

Latest news