• Wed, 11 Mar, 2026
एलएलबी और बीएड की परीक्षा में नकल करते मिले चार परीक्षार्थी रस्टीकेट

राज्य

Updated Sat, 27 Mar 2021 11:59 IST

एलएलबी और बीएड की परीक्षा में नकल करते मिले चार परीक्षार्थी रस्टीकेट

प्रतापगढ़। दस मार्च को अव्यवस्था के चलते निरस्त की गईं बीएड और एलएलबी की परीक्षाएं शुक्रवार को शहर में एमडीपीजी कालेज और पीबीपीजी कालेज में संपन्न कराई गईं। दोनों केंद्रों पर बीएड और एलएलबी की परीक्षा में नकल करते मिले चार परीक्षार्थियों को रस्टीकेट कर दिया गया।
राज्य विश्वविद्यालय की विषम सेमेस्टर की परीक्षाएं 10 मार्च से शुरू हुई थीं। पहले दिन एमडीपीजी केंद्र पर परीक्षा विलंब से शुरू होने पर परीक्षार्थियों ने बवाल कर दिया था। जिस पर कुलपति ने परीक्षा निरस्त कर दी थी। बाद में चिंतामणि स्मारक विधि महाविद्यालय का परीक्षा केंद्र एमडीपीजी कालेज से पीबीपीजी कालेज स्थानांतरित कर दिया गया था। दस मार्च को निरस्त परीक्षा शुक्रवार को सुबह 9 से 12 बजे के बीच संपन्न हुई। परीक्षा शुरू होने के बाद विश्वविद्यालय की टीम अचानक दोनों परीक्षा केंद्रों पर पहुंच गई। जिससे हड़कंप मच गया। एमडीपीजी में बीएड के परीक्षार्थियों की तलाशी लेने के बाद विवि के डिप्टी रजिस्ट्रार प्रभाष द्विवेदी पीबीपीजी कालेज पहुंच गए। वहां एलएलबी की परीक्षाएं हो रही थीं। इस दौरान डिप्टी रजिस्ट्रार ने दो परीक्षार्थियों को नकल करते पकड़ लिया। उन्हें रस्टीकेट कर दिया गया। उधर, एमडीपीजी कालेज के आंतरिक सचल दल ने भी बीएड की परीक्षा में दो परीक्षार्थियों को नकल करते मिलने पर रस्टीकेट कर दिया। एमडीपीजी में कुल 1654 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। 50 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। उधर, पीबीपीजी कालेज में 464 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। 31 अनुपस्थित रहे।
 
 
 
 

Latest news