Mon,
11 May, 2026
राज्य
Updated Tue, 27 Apr 2021 15:11 IST
वॉशिंगटन: अंतराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर चार अंतरिक्षयात्रियों को लेकर जा रहा स्पेसएक्स का फाल्कन-9 रॉकेट ने मलबे से टकराने से बाल-बाल बच गया। अगर अंतरिक्ष का मलबा इस रॉकेट से टकरा जाता तो इसमें सवार चार यात्रियों की जान पर मुसीबत आ सकती थी। हालांकि, अमेरिकी स्पेस कमांड के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल एरिन डिक ने दावा किया है कि फाल्कन-9 रॉकेट ने मलबे से टकराने की जो चेतावनी भेजी थी वह गलत थी। उन्होंने बताया कि वहां कोई ऐसा ऑब्जेक्ट नहीं था, जिसके कैप्सूल से टकराने की संभावना थी।
फाल्कन-9 रॉकेट की चेतावनी स्पेसएक्स क्रू ड्रैगन मिशन में सवार चार अंतरिक्ष यात्रियों ने केप केनेवरल से उड़ान भरने के करीब सात घंटे बाद आई। मिशन कंट्रोल को सिस्टम ने रॉकेट के रास्ते में आ रही एक अज्ञात वस्तु के बारे में जानकारी दी। जिसके बाद स्पेसएक्स के सारा गिल्स ने अंतरिक्ष यात्रियों को बताया कि हमने क्रू ड्रैगन कैप्सूल से कुछ ही दूरी पर एक संभावित टुकड़े की पहचान की है। इसके लिए आप सभी को तुरंत अपने स्पेस सूट को पहनकर सीट पर सुरक्षित रूप से बैठने की जरूरत है।
अलर्ट का संदेश मिलने के बाद अंतरिक्षयात्री तुरंत ही स्पेस सूट पहनकर अपनी-अपनी सीटों पर बैठ गए। इस अलर्ट की सूचना संभावित टकराव से 20 मिनट पहले दी गई थी। उन्हें बताया गया था कि इस टक्कर से कैप्सूल के अंदर हवा का दबाव कम हो सकता है। यूरोपीय अंतरिक्ष एजेंसी के क्रू -2 अंतरिक्ष यात्री थॉमस पेस्केट ने सारा गिल्स को संदेश सुनने और खुद के तैयारी की पुष्टि की।
अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा ने इस घटना को अपने लाइवस्ट्रीम में कैप्चर किया है। जिसमें स्पेसएक्स के फाल्कन-9 रॉकेट के सेकेंड स्टेज के दौरान कुछ दूरी पर एक वस्तु दिखाई देती है। इस अज्ञात वस्तु को शुरुआत में स्पेसएक्स के अंतरिक्षयात्रियों के लिए खतरा माना गया, लेकिन नासा ने बाद में बताया कि यह अंतरिक्ष कबाड़ थोड़ी ही देर में रॉकेट से 48 किमी दूर चला गया।







