• Mon, 11 May, 2026
पूर्व सांसद शहाबुद्दीन का कोरोना संक्रमण की वजह से निधन, अस्‍पताल ने की पुष्टि

राज्य

Updated Sat, 1 May 2021 19:35 IST

पूर्व सांसद शहाबुद्दीन का कोरोना संक्रमण की वजह से निधन, अस्‍पताल ने की पुष्टि

पटना: बिहार से राजद (RJD) के बाहुबली नेता और पूर्व सांसद शहाबुद्दीन का निधन हो गया है। उनके पीए के बाद अस्‍पताल प्रशासन ने भी इसकी पुष्टि कर दी है। कोरोना वायरस से संक्रमित होने के बाद उनका इलाज दिल्‍ली के पंडित दीन दयाल उपाध्‍याय अस्‍पताल में चल रहा था। वे फिलहाल दिल्‍ली की तिहाड़ जेल में उम्र कैद की सजा काट रहे थे। उनके निधन पर राजद के तमाम नेताओं ने शोक जताया है। शहाबुद्दीन, लालू प्रसाद यादव के खास लोगों में शामिल थे।

गौरतलब है कि पिछले दिनों जेल में ही कोरोना वायरस से संक्रमित होने के बाद उन्‍हें दिल्‍ली के पंडित दीन दयाल उपाध्‍याय अस्‍पताल में भर्ती कराया गया था। एक न्‍यूज एजेंसी ने पूर्व सांसद के निधन की खबर को ट्वीट करने के बाद हटा लिया। अस्‍पताल प्रबंधन और तिहाड़ जेल प्रशासन कुछ देर पहले तक निधन की पुष्टि नहीं कर रहा था। दिल्ली में रहने वाले उनके निजी सचिव अजय तिवारी ने बताया कि कुछ देर पहले तक अस्पताल प्रबंधन द्वारा मौत की पुष्टि नहीं की जा रही थी और ना ही किसी को अंदर जाने दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि शहाबुद्दीन की पत्नी हिना शहाब भी कोरोना पॉजिटिव थीं, लेकिन रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद अब वह क्वारंटाइन हैं।

 

इससे पहले शहाबुद्दीन के पीए अरुण कुमार मुन्‍ना ने पूर्व सांसद के निधन की पुष्टि की थी। राजद के प्रदेश महासचिव निराला यादव ने भी उनके निधन की खबर को सही ठहराया है। उन्‍होंने बताया कि दिल्ली से राजद को सूचना मिल गई है। इससे पहले राजद एमएलसी सुनील कुमार सिंह ने दावा किया था कि शहाबुद्दीन जिंदा हैं। उनकी मृत्यु की सूचना गलत है। बहरहाल हम पूर्व सांसद की स्थिति को लेकर लगातार अस्‍पताल प्रशासन, तिहाड़ जेल प्रशासन और उनके स्‍वजनों से संपर्क करने की कोशिश कर रहे हैं। इससे जुड़ी हर जानकारी इस खबर में लगातार अपडेट की जाएगी।

 

शहाबुद्दीन की तबीयत खराब होने के बाद उनका कोरोना टेस्‍ट कराया गया था। 21 अप्रैल को उनकी रिपोर्ट में कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई थी। इसके बाद उनका इलाज दिल्‍ली के एक अस्‍पताल में कराया जा रहा था। उनकी तबीयत काफी अधिक खराब होने के बाद दो दिनों से वेंटिलेटर पर रखा गया था। फिलहाल सांसद की पत्‍नी हिना शहाब सहित पूरा परिवार दिल्‍ली में ही है।

राजद नेता शहाबुद्दीन के निधन की अफवाह शुक्रवार से ही चल रही थी। हालांकि उनके स्‍वजनों और मित्रों ने इसे गलत बताया था। आज सुबह फिर से चर्चा तेज हो गई कि पूर्व सांसद का निधन हो गया है। शहाबुद्दीन की हालत काफी चिंताजनक बनी हुई थी। दो दिनों से उन्‍हें वेंटिलेटर पर रखा गया था। कोर्ट ने उनका इलाज ठीक से करने का निर्देश दिया था।

 

 

 

 

Latest news