• Tue, 16 Dec, 2025
किसानों ने जाम कीं सड़कें, रोकीं ट्रेनें, दिल्ली में भी कई मेट्रो स्टेशन बंद

राज्य

Updated Fri, 26 Mar 2021 8:59 IST

किसानों ने जाम कीं सड़कें, रोकीं ट्रेनें, दिल्ली में भी कई मेट्रो स्टेशन बंद

तीन कृषि कानूनों के खिलाफ पिछले चार महीने से आंदोलन कर रहे किसानों ने 26 मार्च, शुक्रवार को देशव्यापी भारत बंद का आह्वान किया है। बंद सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगा। किसान नेताओं ने कहा है कि भारत बंद में शामिल होने के लिए किसी से जबरदस्ती नहीं की जाएगी। आपको बता रहे हैं इससे जुड़ा हर अपडेट...
 
भारत बंद के चलते पंजाब में किसान आंदोलनकारियों ने अमृतसर-दिल्ली रेलवे ट्रैक को ब्लॉक कर दिया। पंजाब के किसान मजदूर संघर्ष ने अमृतसर में रेलवे ट्रैक को बाधित किया।
 
बीते करीब चार महीनों से तीन कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे किसान संघों के ‘भारत बंद’ के आह्वान के तहत शुक्रवार को प्रदर्शनकारियों ने पंजाब और हरियाणा में 32 स्थानों पर रेल पटरियों को अवरूद्ध कर दिया, जिससे रेल यातायात बाधित हुआ। रेलवे के एक प्रवक्ता ने बताया कि विरोध प्रदर्शनों के कारण चार शताब्दी ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है और 31 अन्य ट्रेनें रुकी हुई हैं। जिन 32 स्थानों पर ट्रेनों की आवाजाही बाधित हुई है, वे दिल्ली, अंबाला और फिरोजपुर रेलखंड के अंतर्गत आते हैं।
 
किसान आंदोलन द्वारा बुलाए गए 12 घंटे के भारत बंद के दौरान प्रदर्शनकारियों ने चंडीगढ़-अंबाला हाईवे को ब्लॉक किया। 
 
किसान आंदोलनकारियों के भारत बंद को लेकर दिल्ली के कई मेट्रो स्टेशन को बंद करने का फैसला लिया गया है। जिन मेट्रो स्टेशन को बंद किया गया है, उनमें टिकरी बॉर्डर, पंडित श्रीराम शर्मा, बहादुरगढ़ सिटी और ब्रिगेडियर होशियार सिंह मेट्रो स्टेशन शामिल हैं। 
 
भारत बंद के दौरान पंजाब-हिमाचल सीमा पर किसानों आंदोलनकारियों ने धरना प्रदर्शन किया। हिमाचल से आने वाले लोगों को सीमा पर ही रोका गया, हालांकि इस दौरान भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है। विभिन्न किसान संगठनों के लोग धरने में हुए सम्मिलित हुए हैं और हिमाचल से आने वाले लोगों को परेशानी हो रही है। 
 
तीनों कृषि कानूनों के चलते किसानों द्वारा बुलाए गए भारत बंद का असर पंजाब और हरियाणा में भी देखने को मिल रहा है। यहां किसान आंदोलनकारी 31 स्थानों पर धरने पर बैठे हैं। अंबाला और फिरोजपुर मंडल में रेल सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। वहीं अब तक चार शताब्दी ट्रेन को रद्द किया जा चुका है। 
 
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने किसानों द्वारा बुलाए गए भारत बंद का समर्थन किया है। राहुल गांधी ने ट्वीट कर लिखा कि भारत का इतिहास गवाह है कि सत्याग्रह से ही अत्याचार, अन्याय व अहंकार का अंत होता है। उन्होंने आगे लिखा कि आंदोलन देशहित में और शांतिपूर्ण हो।
 
तीनों कृषि कानूनों को लेकर बुलाए गए भारत बंद का असर हरियाणा के रेवाड़ी में बिल्कुल दिखाई नहीं पड़ रहा है। यहां रोजाना की तरह सभी गतिविधियां संचालित हो रही हैं। 
 
किसानों के भारत बंद का असर पंजाब और हरियाणा के कई इलाकों में नजर आ रहा है। किसानों ने रूखी में रोहतक-पानीपत हाईवे जाम कर दिया। वहीं, ढकोली जीरकपुर रोड भी बंद कर दिया गया।
 
तीन कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों ने सुबह करीब 6:00 बजे दिल्ली मेरठ एक्सप्रेस वे की दिल्ली से गाजियाबाद आने वाली लेन को बैरिकेड लगा कर बंद कर दिया। किसान वहां पर ढोलक और घंटी बजा कर होली का आनंद भी ले रहे हैं। किसानों ने दिल्ली से कौशांबी जाने वाली लेन को भी बैरिकेड लगाकर बंद कर दिया है। हालांकि इस लाइन पर दिल्ली पुलिस ने पहले से ही बैरिकेडिंग लगाई हुई है मगर किसानों ने इससे कुछ दूरी पर अपनी बैरिकेडिंग लगा दी है।
 
तीन कृषि कानूनों के खिलाफ बुलाए गए भारत बंद का असर पंजाब में भी देखने को मिला। पंजाब में किसानों ने भारत बंद के दौरान रेलवे ट्रैक पर जाम लगा दिया और गुरदासपुर में भी दुकानों को बंद किया गया है।
 
भारत बंद के दौरान कुछ कुछ प्रदर्शनकारियों का एक समूह गाजीपुर बॉर्डर पर नाचते-गाते हुए दिखाई दिया। 
 
आज संयुक्त किसान मोर्चा ने 12 घंटे का भारत बंद बुलाया है। भारत बंद के दौरान सिंघु बॉर्डर पर किसानों ने सड़कों पर चक्का जाम लगाया। 
 
आज भारत बंद के मौके पर किसानों की ओर से सिसाना में खरखौदा रोहतक मार्ग पर जाम लगाया गया। बता दें कि तीनों कृषि कानून को लेकर किसान लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं और कई दिनों से धरने पर बैठे हैं। किसानों ने आज सोनीपत से गुजरने वाले नेशनल हाईवे 44 को जाम कर दिया है। इसके अलावा किसानों ने केएमपी और केजीपी को भी जाम किया है।
 
12 घंटे के बंद के चलते प्रदर्शनकारियों ने गाजीपुर बॉर्डर ब्लॉक कर दिया है। बता दें कि यह बंद संयुक्त किसान मोर्चा ने केंद्र सरकार के खिलाफ बुलाया है। किसान मोर्चा तीनों कृषि कानूनों का विरोध कर रहा है और इन्हें वापस लेने की मांग कर रहा है।
 
ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, एनएच-24 पर गाजीपुर बॉर्डर पर यातायात बंद कर दिया गया है। 
 
दिल्ली की जिन सीमाओं पर किसानों के धरने चल रहे हैं, उनके आसपास के वैकल्पिक रास्ते भी शुक्रवार की सुबह छह से शाम छह बजे तक बंद रहेंगे। हालांकि दिल्ली की सीमाओं पर फिलहाल प्रदर्शनकारियों की संख्या पहले से काफी कम है, बावजूद इसके आंदोलनकारियों का दावा है कि बंद पूरी तरह सफल होगा। 
 
गाजीपुर बॉर्डर पर इस संबंध में बृहस्पतिवार को किसानों ने बैठक कर भारत बंद की रणनीति तय की थी। भारत बंद के दौरान सेना के वाहन, एंबुलेंस, स्कूली बच्चों के वाहन व जरूरतमंद वाहनों को नहीं रोका जाएगा। इसके अलावा आवाजाही प्रभावित रहेगी।  
 
किसानों के आह्वान पर शुक्रवार को भारत बंद में देश के चार राज्य शामिल नहीं होंगे। जिन राज्यों में चुनाव होना है उन्हें छोड़ सभी राज्यों में संयुक्त किसान मोर्चा ने भारत बंद को सफल बनाने की तैयारियां पूरी कर ली है। सिंघु, टीकरी बॉर्डर और गाजीपुर बॉर्डर पर अपनी मांगों के समर्थन में डटे आंदोलनकारी शुक्रवार सुबह छह बजे से ही बंद को सफल बनाने में जुट जाएंगे।
 
तीन कृषि कानूनों के खिलाफ पिछले चार महीने से आंदोलन कर रहे किसानों ने 26 मार्च, शुक्रवार को देशव्यापी भारत बंद का आह्वान किया है। संयुक्त किसान मोर्चा ने सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक बंद बुलाया है। प्रदर्शनकारी किसान रेल और सड़क परिवहन को रोकेंगे और मार्केट को बंद कराएंगे। इसके चलते लोगों को आवाजाही की समस्या और दूध-सब्जी समेत अन्य सामानों की किल्लत का सामना करना पड़ सकता है।  
 
किसान नेताओं ने कहा है कि भारत बंद में शामिल होने के लिए किसी से जबरदस्ती नहीं की जाएगी। साथ ही किसी तरह से शांति व्यवस्था भी नहीं बिगड़ने दी जाएगी। इसके लिए संगठनों के नेता खुद भी नजर रखेंगे। टीकरी बॉर्डर पर हुई मुख्य सभा में किसान नेताओं ने किसानों से बंद को शांतिपूर्ण ढंग से सफल बनाने का आह्वान किया। 
 
 

Latest news