• Sun, 10 May, 2026
Covid-19 से मरने वालों के परिवार को मिलेंगे 50,000 रुपए, बच्चों को हर महीने 2500 रुपए की पेंशन: केजरीवाल

राज्य

Updated Tue, 18 May 2021 17:52 IST

Covid-19 से मरने वालों के परिवार को मिलेंगे 50,000 रुपए, बच्चों को हर महीने 2500 रुपए की पेंशन: केजरीवाल

दिल्ली (Delhi) के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को कोरोनावायरस के पीड़ितों के लिए बड़ी घोषणा की है। केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली के हर उस परिवार को सरकार की तरफ से 50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता दी जाएगी, जिसमें किसी भी मौत Covid-19 के कारण हुई है।

प्रेस ब्रीफिंग में सीएम केजरीवाल ने कहा, "प्रत्येक परिवार को जिसमें किसी की मौत कोरोना के कारण हुई है, अनुग्रह राशि के रूप में 50,000 रुपये दिए जाएंगे।"साथ ही जिन बच्चों के माता-पिता दोनों की मौत महामारी के कारण हुई है, उन्हें भी हर महीने 2500 रुपए पेंशन और मुफ्त शिक्षा दी जाएगी।

सीएम ने कहा, "जिन बच्चों के माता-पिता दोनों की COVID-19 के कारण मृत्यु हो गई या माता-पिता में से एक की मृत्यु पहले हो चुकी और दूसरे कोरोना के कारण हुई, तो उन्हें 25 साल की उम्र तक 2,500 रुपये मासिक पेंशन दी जाएगी। उन्हें मुफ्त शिक्षा दी जाएगी।"
इसके अलावा केजरीवाल ने कहा कि जिन राशन कार्ड धारकों को अब तक 5 किलो राशन मुफ्त में मिल रहा था, अब उन्हें अब उन्हें इस महीने 10 किलो राशन मुफ्त में मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा, "दिल्ली में 72,00,000 राशन कार्ड धारकों को इस महीने से राशन मुफ्त में दिया जाएगा, उनसे पैसे नहीं लिए जाएंगे। केंद्र की तरफ से भी इन राशन कार्ड धारकों को 5 किलो राशन मुफ्त में मिल रहा है। अब उन्हें इस महीने 10 किलो राशन मुफ्त में मिलेगा।"
उन्होंने आगे कहा, "ऐसे कई लोग हैं जो गरीब है, उनका राशन कार्ड नहीं बन पाया है। जिन लोगों के पास राशन कार्ड नहीं है, जो कहेगा वह गरीब है, उसके पास राशन नहीं है, उन्हें भी दिल्ली सरकार राशन देगी। इसमें किसी तरह का कोई दस्तावेज नही मांगा जाएगा।"

 

Latest news