Sun,
10 May, 2026
ताज़ा खबरें
Updated Mon, 19 Jul 2021 23:35 IST
बीजिंग: चीन (China) ने सोमवार को उन अटकलों पर टिप्पणी करने से इंकार कर दिया. जिसमें कहा जा रहा है कि पाकिस्तान (Pakistan) के विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी ने हाल में घातक बम विस्फोट के बाद रविवार को बीजिंग का आपातकालीन दौरा किया है.
चीन (China) ने कहा कि दोनों देश निश्चित रूप से इस घटना के पीछे की सच्चाई का पता लगाएंगे और षड्यंत्रकारियों को न्याय के शिकंजे में कसेंगे. बताते चलें कि पाकिस्तान (Pakistan) के उत्तर-पश्चिम इलाके में चीनी कामगारों को निशाना बनाकर बम विस्फोट किया गया था.
चीन (China) के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता झाओ लिजियान ने रविवार को एक संवाददाता सम्मेलन में कुरैशी के आपात दौरे की चर्चाओं पर कोई जवाब नहीं दिया. प्रवक्ता ने कहा कि इस बारे में कोई सूचना नहीं है.
झाओ ने कहा, ‘चीन काफी चिंतित है और पाकिस्तान (Pakistan) में 14 जुलाई को बस में हुए विस्फोट की कड़ी निंदा करता है. इस संबंध में चीन और पाकिस्तान मिलकर काम कर रहे हैं. चीन और पाकिस्तान निश्चित तौर पर सच्चाई का पता लगाएंगे और षड्यंत्रकारियों पर शिकंजा कसेंगे.’
बताते चलें कि अशांत खैबर पख्तूनख्वा जिले के ऊपरी कोहिस्तान के दासू इलाके में 14 जुलाई को बस में विस्फोट हुआ था. जिसमें 9 चीनी इंजीनियरों समेत 13 लोगों की मौत हो गई थी. इस मामले में शुरू में पाकिस्तान ने इसे गैस की वजह से हुई बस दुर्घटना बताकर पल्ला झाड़ लिया था.
बाद में जब चीन (China) ने इस विस्फोट में हमले की आशंका जताकर पाकिस्तान (Pakistan) पर दबाव बनाया तो उसने आनन-फानन में शक की सुईं भारत की ओर मोड़ दिया. वहीं दूसरी ओर पाकिस्तान के पाले हुए तहरीके तालिबान पाकिस्तान (TTP) ने इस हमले की जिम्मेदारी लेते हुए कहा कि जब तक चीनी उनका इलाका छोड़ नहीं देते, वे ऐसे अटैक करते रहेंगे. इस मामले में जांच के लिए एक विशेष दल पाकिस्तान रवाना किया है.







