Sun,
10 May, 2026
राज्य
Updated Sun, 16 May 2021 21:23 IST
नई दिल्ली. राजधानी दिल्ली में कोरोना के मामलों को देखते हुए एक बार फिर लॉकडाउन बढ़ाया गया है. इसी क्रम में अब दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने भी मेट्रो सेवाओं को लेकर आदेश जारी किया है. डीएमआरसी की ओर से कहा गया है कि दिल्ली में लॉकडाउन को देखते हुए मेट्रो सेवाओं को स्थगित किया जा रहा है.
ऐसे में लॉकडाउन के साथ-साथ 24 मई की सुबह पांच बजे तक दिल्ली के सभी रूटों पर मेट्रो सेवाएं बंद रहेंगी. लिहाजा बेहद जरूरी कामों के लिए निकलने वाले लोगों को अब मेट्रो के बजाय परिवहन के लिए अन्य विकल्प तलाशने होंगे. हालांकि यह व्यवस्था अगले आदेश तक लागू रहेगी.
बता दें कि फिलहाल दिल्ली मेट्रो के पास 336 ट्रेनों के सेट हैं, जिसमें 181 छह कोच वाली ट्रेनें, 133 आठ कोच वाली ट्रेनें और 22 चार कोच की ट्रेनें हैं जो सामान्य समय में सभी रूटों पर चलती हैं. हालांकि लॉकडाउन को देखते हुए अभी सभी ट्रेनें स्थगित कर दी गई हैं.
बता दें कि कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की अरविंद केजरीवाल सरकार ने एक बार फिर लॉकडाउन बढ़ाने का ऐलान कर दिया है. लॉकडाउन एक हफ्ते और बढ़ाया गया है, जो कि 24 मई की सुबह पांच बजे तक लागू रहेगा.
इस बाबत दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा,' दिल्ली में लॉकडाउन एक हफ्ते के लिए बढ़ाया जा रहा है. अगले सोमवार सुबह 5 बजे तक के लिए लॉकडाउन बढ़ाया जा रहा है.' दिल्ली में पॉजिटिविटी रेट 1 फीसदी और कम होकर 10 फीसदी के करीब आ गया है. वहीं, मुख्यमंत्री ने कहा कि लॉकडाउन की अवधि बढ़ाई जा रही है, क्योंकि यदि इस समय ढील दे दी गई, तो कोरोना वायरस को काबू करने में अब तक मिली सफलता पर पानी फिर जाएगा.







